अभी अभी: हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, प्रदेश मे 5 साल पहले ही…

इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने नई शिक्षा नीति के बारे में बड़ा फैसला किया है। नई शिक्षा नीति को देश में हरियाणा सबसे पहले लागू करेगा। हरियाणा में यह नीति पांच साल पहले लागू की जाएगी। देश में यह नीति 2030 में लागू होगी, लेकिन हरियाणा में इसे 2025 में लागू कर दिया जाएगा। राज्‍य के मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल की अध्‍यक्षता में हुई बैठक में इसको लेकर रोडमैप तैयार कर लिया गया।

मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल ने राज्‍य के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर और शिक्षा अधिकारियों के साथ नई शिक्षा नीति लागू करने को लेकर मंथन किया। बैठक में प्राइमरी एजुकेशन, हायर एजुकेशन, सेकेंडरी एजुकेशन और टेक्निकल एजुकेशन से जुड़े अधिकारियों ने शिरकत की।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूरे देश में नई शिक्षा नीति 2030 तक लागू होनी है, लेकिन सरकार की मंशा 5 साल पहले 2025 में ही लागू करने की है। नई शिक्षा नीति तीसरी क्लास से लेकर हायर एजुकेशन पर लागू होगी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में केजी से पीजी तक की शिक्षा शुरू होगी।

मनोहरलाल ने कहा कि हरियाणा सरकार प्राइवेट सेक्टर के साथ मिलकर प्रदेश को शिक्षा का हब बनाएगी। नई शिक्षा नीति में अनुसंधान पर ज्यादा जोर रहेगा। हरियाणा उच्चतर शिक्षा परिषद नई शिक्षा नीति को लागू करने की निगरानी करेगी।

सीएम मनोहरलाल ने कहा कि अब तक देश में बच्‍चों की शिक्षा छह साल कर आयु से शुरू होती थी, लेकिन अब सरकार आंगनवाड़ी के जरिए तीन साल की आयु से ही बच्‍चों की शिक्षा शुरू करेगी। सरकार ने प्रदेश में चार हजार प्ले वे स्कूल खोलने का लक्ष्य रखा। अब तक 1000 ऐसे स्कूल खुल चुके हैं। जल्द ही सरकार लक्ष्य पूरा करेगी।

मनोहरलाल ने कहा कि भविष्य की जरूरतों के हिसाब से पाठक्रम में बदलाव किया जाएगा। अब तक बच्चे एक ही विषय को पढ़ पाते थे, लेकिन अब मल्टीपल सब्जेक्ट पढ़ाने की शुरुआत की जाएगी। ताकि, उनको दूसरे विषयों की भी जानकारी मिले। प्रदेश में साईंस शिक्षा को भी बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार ने 1418 कलस्टर बनाए हैं। हर क्लस्टर में एक साइंस स्कूल जरूर खोला जाएगा। उन्‍होंने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और उसके स्तर पर जोर देगी। शिक्षा में बदलाव के चलते इस बार प्रदेश में अब तक एक लाख 60 हजार बच्चों ने सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया है।

केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि कैबिनेट में फेरबदल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अधिकार क्षेत्र है। किस मंत्री को रखना है या किसे बनाना है यह उनका निर्णय होता है। हरियाणा के रहने वाले भूपेंद्र यादव को भी मंत्री बनाया गया है। इसलिए हमारे प्रदेश के फिर से तीन केंद्रीय मंत्री हुए हैं। वैसे पूरा देश अपना है। सहयोगियों के साथ मिलकर कैबिनेट में एक जवान टीम आगे आई है और यह देश के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। हरियाणा कैबिनेट में विस्तार पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि ये रणनीतिक फैसले होते हैं। सार्वजनिक तौर पर नहीं बताया जाता।