दिल्ली पुलिस ने बचाई 35 कोरोना मरीजों की जान, ऑक्सीजन खत्म होने में बचे थे मात्र आधा घंटा फिर…

इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली: पूरे देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसी स्थिति में अब राज्यों के पास संसाधनों की कमी होती जा रही है। राजधानी दिल्ली में भी ऑक्सीजन की कमी होती जा रही है। आज दिल्ली पुलिस की जितनी सराहना की जाए उतनी कम है। दिल्ली पुलिस के त्वरित कार्रवाई के चलते आज 35 कोरोना मरीजों की जान बच पाई।

पुलिस को मिली इमरजेंसी कॉल
दरअसल, आज दोपहर लगभग 1:30 बजे निहाल विहार पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में नांगलोई नजफगढ़ रोड पर मनसा राम अस्पताल के निदेशक राजेश डबास ने घबराते हुए दिल्ली पुलिस को फोन किया। पुलिस को बताया कि अस्पताल में ऑक्सीज़न समर्थन पर 35 कोरोना रोगी हैं और उनकी ऑक्सीजन की आपूर्ति कम हो रही है। उनके पास जो ऑक्सीजन है वो ज्यादा से ज्यादा एक घंटे और चलेगी उसके बाद वो बंद हो जाएगी।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की
मनसा राम अस्पातल के डायरेक्टर ने बताया कि उन्होंने सभी संबंधितों से संपर्क किया है लेकिन ऑक्सीजन की भारी मांग के चलते कहीं भी उनको आश्वासन नहीं मिल पाया है। दिल्ली पुलिस ने ये बात तुरंत अपने अधिकारियों को बताई। एडिशनल डीसीपी सुधांशु धामा ने कई अधिकारियों के साथ तुरंत संपर्क साधा और बातचीत की। एसीपी आशीष के निर्देशन में निहाल विहार से दो टीमों को निर्देश दिया कि वो तुरंत मुंडका और बवाना में जाकर ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करें।

बचा ली 35 मरीजों की जान
दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण मनसा राम अस्पताल में 10 ऑक्सीजन सिलेंडर तुरंत मिले और आधे घंटे के बाद 10 और ऑक्सीजन सिलेंडर की पूर्ति हुई। पीएस निहाल विहार से पुलिस की टीम ने 20 ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर वाहन को मनसा राम अस्पताल तक पहुंचाया। मनसा राम अस्पताल के डायरेक्टर ने दिल्ली पुलिस को उनकी तत्काल प्रतिक्रिया और कीमती जीवन बचाने में समय पर मदद के लिए धन्यवाद दिया।