मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज 31 जिलों में बारिश आंधी का येलो अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 31 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आंधी की संभावना जताई है। वहीं, कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और देश के पूर्वोत्तर हिस्सों के साथ सिक्किम तक पहुंच चुका है। अगले चार से पांच दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है।

इन जिलों में हो सकती है बारिश
प्रदेश के नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, रीवा, सतना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा सहित कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए वज्रपात और तेज हवाओं का येलो अलर्ट भी जारी किया है। खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों, किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

इन इलाकों में वेदर सिस्टम सक्रिय
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के आसपास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और पंजाब से बिहार तक बनी ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में नमी पहुंच रही है, जिससे प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ रही हैं। इसके चलते पूर्वी, मध्य और दक्षिणी जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

कल से दो दिन रहेगी गर्मी
हालांकि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने के साथ तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है।

मौसम विभाग का मानना है कि यदि मानसून की वर्तमान रफ्तार बनी रही तो यह प्रदेश में अगले सप्ताह तक दस्तक दे सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।