राजस्थान में पटाखा गोदाम में आग, बच्चे समेत 7 की मौत-मचा कोहराम

जयपुर। जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में स्थित पटाखों के गोदाम में मंगलवार सुबह 11 बजे भीषण आग लग गई। अग्निकांड में बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई।

मरने वालों में अब्दुल वाहिद (50), राबिल, बिलाल खान (30), समीर (20) और आजीम खान उर्फ आविद शामिल हैं। 2 मृतकों की शिनाख्त नहीं हुई है। वहीं नासिर SMS हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में भर्ती है। SMS हॉस्पिटल के प्लास्टिक सर्जन डॉक्टर आरके जैन ने बताया- नासिर 95% झुलस गया।

जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया- पटाखों का गोदाम खोह नागोरियान में आयशा नगर तलाई क्षेत्र आईटीआई कॉलेज के पास है। कोई ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग लगी।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया- जहां हादसा हुआ, वो पटाखे रखने का गोदाम है। इसकी फैक्ट्री कुछ दूर है। पूरी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। रिहायशी इलाके में गोदाम अवैध रूप से था। इसके मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी।

SHO ओमप्रकाश ने बताया- मकान याकूब नाम के व्यक्ति का है। उसने दिल्ली निवासी फिरोज को मकान किराए पर दिया था। वह वसीम नाम के युवक के साथ मिलकर अवैध रूप से फैक्ट्री संचालित कर रहा था।

विधायक अमीन कागजी ने कहा- रिहायशी इलाके में बारूद का गोदाम होने का क्या पुलिस को नहीं पता था। लोग भी किसके दबाव में हैं, जो बोल नहीं रहे हैं। यह किसका है, किसका नहीं, इस पर भी कोई जवाब नहीं है। विधायक ने कहा कि अब जिम्मेदार कहेंगे मरने वाले राजस्थान के नहीं हैं, तो क्या जीवन उनका नहीं है। फेल्योर तो आपका है।