मुज़फ्फरनगर के जौली में पुलिस टीम पर भारी पथराव ! चौकी प्रभारी और सिपाही घायल

मुज़फ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव जौली की दलित बस्ती में दो पक्षों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद जमकर खूनी संघर्ष और पथराव हुआ। इस हिंसक झड़प को शांत कराने और शांति व्यवस्था कायम करने के लिए मौके पर पहुंची जौली चौकी पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने जानलेवा हमला बोल दिया। छतों से किए गए इस भारी पथराव में जौली चौकी प्रभारी (दरोगा) सहित दो सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए 13 नामजद तथा 7 अज्ञात समेत कुल 20 हुड़दंगियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और बलवा करने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को जौली गांव की अनुसूचित जाति की बस्ती में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के दर्जनों लोग अपने-अपने मकानों की छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर अंधाधुंध ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिससे मुख्य रास्ते और आसपास के घरों में पत्थर गिरने लगे और गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर जौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित चौधरी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउड हेलर (मेगाफोन) के माध्यम से उपद्रवियों को चेतावनी देते हुए तुरंत पथराव बंद करने को कहा। आरोप है कि पुलिस की चेतावनी से भड़के कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस टीम को ही अपना निशाना बना लिया और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर पुलिसकर्मियों पर सीधे पत्थरों की बारिश कर दी।