बक्सर। शादी की पहली रात दूल्हा-दुल्हन दोनों के लिए काफी खास होती है। लेकिन बक्सर में एक विवाहिता ने ऐसा कर दिया वर-वधू दोनों पक्ष परेशान है। यहां शादी की पहली रात ही गहने और पैसे लेकर दुल्हन फरार हो गई। मामला रामदास राय के डेरा अंतर्गत एक गांव का है। परेशान दूल्हे ने इसकी प्राथमिकी शुक्रवार शाम दर्ज कराई है। इस मामले में लड़की के भाई ने एक युवक पर बहन को भगाकर ले जाने का आरोप लगाया है।
प्राथमिकी में दूल्हे ने बताया है कि आठ मई को उसकी शादी नावानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। नौ मई की सुबह दुल्हन को विदा कराकर अपने गांव आया। घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन करते हुए बहू का स्वागत किया गया। रात में बहू भोज का आयोजन किया। 10 मई की सुबह कमरे से दुल्हन नहीं निकली तो परिवार की महिलाओं को लगा शायद वह सोई हुई है। वे उसे जगाने के लिए कमरे में गईं तो वहां दुल्हन थी ही नहीं। यह देखकर महिलाओं के होश उड़ गए। इस बीच पता चला कि कमरे में दुल्हन के गहने और कुछ पैसे भी नहीं थे। बात फैली तो सभी लोग हैरान रह गए। दुल्हन को ढूंढ़ने के लिए सभी लोग निकल पड़े। इसकी सूचना मायके वालों को दी गई कि कहीं वह वहां तो नहीं है। लेकिन वह वहां भी नहीं थी।
इस बीच मामले में नया मोड़ तब आया जब दुल्हन के भाई ने नावानगर थाना क्षेत्र के एक युवक पर अपनी बहन को भगाने का आरोप लगा दिया। कहा है कि गलत नीयत से उसी ने उसकी बहन को भगाया है। इधर इस घटना के बाद से वर-वधू दोनों पक्ष सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर काफी परेशान हैं। ओपी प्रभारी संजय विकास त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कांड के अनुसंधान में जुट गई है । नवविवाहिता की सकुशल बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।