भारत जोड़ो यात्रा से पहले हरियाणा कांग्रेस में संतुलन: हाईकमान ने दूर की रूठो की नाराजगी

Balance in Haryana Congress before Bharat Jodo Yatra: High command dispels resentment
Balance in Haryana Congress before Bharat Jodo Yatra: High command dispels resentment
इस खबर को शेयर करें

हिसार: कांग्रेस हाईकमान ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा में प्रवेश करने से 16 दिन पहले नई नियुक्तियां करके सभी गुटों को साधने का काम किया है। पार्टी हाईकमान ने हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल को प्रभारी नियुक्त किया है। जबकि कुमारी सैलजा को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया है। इससे हुड्‌डा की नाराजगी दूर करने का प्रयास है और दूसरी ओर एक संदेश भी दिया कि सोनिया गांधी के दरबार में आज भी सैलजा की पकड़ मजबूत है। हरियाणा के रणदीप सुरजेवाला पहले ही राजस्थान से राज्यसभा सांसद बने हुए हैं।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 21 दिसंबर को हरियाणा के फिरोजपुर झिरका से प्रदेश में प्रवेश करने जा रही है। इससे पहले कांग्रेस ने नए हरियाणा प्रभारी को नियुक्त करके सभी को संतुष्ट करने की कोशिश की है। क्योंकि हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, निवर्तमान प्रभारी विवेक बंसल की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं थे।

इसकी एक बड़ी वजह राज्यसभा चुनाव में एक कांग्रेसी विधायक का वोट रद होने से कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन की हार थी। जिसमें बागी विधायक के नाम का आज तक पार्टी हाईकमान के समक्ष खुलासा नहीं हो सका। हालांकि कुछ समय तक तोशाम की विधायक किरण चौधरी पर भी अंगुली उठाई गई, लेकिन किरण चौधरी के तेवरों को देखकर पार्टी नेताओं ने चुप्पी साध ली। इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय शर्मा भाजपा विधायकों के सहयोग से जीत गए थे।

2 साल 2 महीने में संगठन नहीं खड़ा कर पाए
विवेक बंसल 2 साल 2 महीने के अपने कार्यकाल में कांग्रेसी नेताओं को न एकजुट करने और न ही हरियाणा कांग्रेस का संगठन खड़ा करवाने में सफल हो पाए। हरियाणा में करीब 8 साल से संगठन नहीं बन सका। कुमारी सैलजा के इस्तीफा देने के बाद हुड्‌डा गुट के उदयभान को प्रदेशाध्यक्ष बनाने में उनकी भूमिका रही, लेकिन राज्यसभा चुनाव में हार के बाद विवेक बंसल की हरियाणा में सक्रियता भी कम हो गई थी।

कुमारी सैलजा का दिल्ली दरबार में रुतबा कायम
हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा स्वीकार होने के बावजूद कुमारी सैलजा का राज्यसभा चुनाव लड़ना तय माना जा रहा था, लेकिन पार्टी हाईकमान ने उन्हें नहीं उतारा। उन्हें कांग्रेस की स्टीयरिंग कमेटी का सदस्य बनाया गया। हाईकमान ने अब कुमारी सैलजा को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाकर उन्हें महत्वपूर्ण पद देकर उनका कद बड़ा दिया। साथ ही उन्हें जनरल सेक्रेटरी भी नियुक्त कर दिया। कुमारी सैलजा का कद बढ़ाकर पार्टी हाईकमान ने हुड्‌डा को भी संदेश दे दिया।