हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष के लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम आगे, इस हफ्ते ऐलान संभव

इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़: हरियाणा कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर जारी चर्चाओं पर जल्दी विराम लग सकता है। खबर है कि पार्टी एक सप्ताह में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है। हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी हरियाणा के पार्टी नेताओं से मुलाकात की थी और साथ मिलकर काम करने के लिए कहा था। कहा जा रहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मौजूदा अध्यक्ष कुमारी शैलजा को बदलकर बेटे दीपेंद्र हुड्डा को कमान सौंपे जाने की वकालात कर रहे हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि कांग्रेस आलाकमान एक सप्ताह में हरियाणा के पार्टी अध्यक्ष की घोषणा करेगा। इस पद के लिए पूर्व सीएम हुड्डा का नाम आगे चल रहा है। सोमवार को हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ 10 जनपथ पर बैठक की थी। खास बात है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी पहले ही नेतृत्व में बदलाव की तैयारी कर रही थी। क्योंकि कांग्रेस मजबूत आधार तैयार करने के लिए संगठन स्तर पर बदलाव करने की प्रक्रिया में है।

इसके अलावा राज्य में आम आदमी पार्टी की बढ़ती सक्रियता के चलते भी कांग्रेस के लिए गुटबाजी खत्म करना जरूरी हो गया है। पांच राज्यों में बड़ी हार का सामना करने के बाद कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) ने संगठन में बदलाव का फैसला किया है।

एजेंसी के अनुसार, प्रक्रिया में शामिल एक नेता ने जानकारी दी कि पार्टी अध्यक्ष पद के लिए हुड्डा का नाम आगे है। वहीं, कुलदीप बिश्नोई को कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाया जा सकता है। इसके अलावा रणदीप सिंह सुरजेवाला या कुमारी शैलजा को पार्टी राज्यसभा सीट दे सकती है। दलित चेहरा और सोनिया गांधी की करीबी होने के चलते शैलजा का पक्ष मजबूत है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) की अध्यक्ष बनने से पहले वे राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं।