अभी अभीः भगवंत मान ने अपने ही हेल्थ मिनिस्टर को बर्खास्त करके किया गिरफ्तार, घूसखोरी का आरोप

Just now: Bhagwant Mann sacked his own health minister and arrested him, accused of bribery
Just now: Bhagwant Mann sacked his own health minister and arrested him, accused of bribery
इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया है। विजय सिंगला स्वास्थ्य विभाग में हर काम और टेंडर के बदले 1% कमीशन मांग रहे थे। इसकी शिकायत CM भगवंत मान तक पहुंची थी। उन्होंने गुपचुप तरीके से इसकी जांच कराई। अफसरों से पूछताछ की, फिर मंत्री सिंगला को तलब किया गया। मंत्री ने गलती मान ली, इसके बाद उन्हें बर्खास्त किया गया।

इसके बाद मंत्री के खिलाफ केस दर्ज कर पंजाब पुलिस के एंटी करप्शन विंग ने सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है। सिंगला को अब मोहाली के फेज 8 पुलिस थाने में रखा गया है। इसके बाद अब सिंगला की आम आदमी पार्टी से भी छुट्‌टी करने की तैयारी है। पंजाब आप के प्रवक्ता मालविंदर कंग ने कहा कि दागी लोगों की आम आदमी पार्टी में कोई जगह नहीं है। फिलहाल मंत्री रहे सिंगला की इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

CM के स्टिंग में फंसे मंत्री सिंगला
पंजाब पुलिस के विजिलेंस विंग ने मंत्री सिंगला के खिलाफ केस दर्ज किया है। अभी इसकी FIR सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि सूत्रों की मानें तो मंत्री और उसके करीबियों ने टेंडर में 1% कमीशन की मांग की थी। अफसर ने इसकी शिकायत सीएम भगवंत मान को की। 14 मई को सीएम मान के पास इसके बारे में जानकारी पहुंची। सूत्रों की मानें तो इसके बाद मान ने स्टिंग करवाते हुए उसकी रिकॉर्डिंग करवाई गई। जिसमें मंत्री कमीशन मांगते हुए कैद हो गए। जिसके बाद मंत्री को बुलाकर मान ने उनके सामने यह सबूत रख दिए और मंत्री ने गलती कबूल कर ली।

CM मान ने बताई पूरी कहानी
CM भगवंत मान ने बताया, ‘मेरे ध्यान में एक केस आया। इसमें मेरी सरकार का एक मंत्री हर टेंडर या उस विभाग की खरीद-फरोख्त में एक परसेंट कमीशन मांग रहा था। इस केस का सिर्फ मुझे पता है। इसके बारे में विरोधी पार्टियों और मीडिया को पता नहीं है। मैं चाहता तो केस को दबा सकता था, लेकिन इससे लोगों का विश्वास टूट जाता। मैं उस मंत्री के खिलाफ सख्त एक्शन ले रहा हूं। उसे मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस को उसके खिलाफ केस दर्ज करने के लिए आदेश दे दिए हैं।’

केजरीवाल बोले- मेरी आंखों में आंसू आ गए
अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुझे भगंवत मान पर गर्व है। उनकी कार्रवाई से मेरी आंखों में आंसू आ गए। पूरा देश आज आम आदमी पार्टी पर गर्व महसूस कर रहा है।

पिछले CM ने अपने मंत्रियों-विधायकों के भ्रष्टाचार पर कोई एक्शन नहीं लिया
मान ने कहा कि विरोधी पार्टियां कहेंगी कि दो महीने में ही मेरी सरकार का एक मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया। मैं कहना चाहता हूं कि एक्शन भी तो मैंने ही लिया है। उन्होंने कहा कि पुराने CM को भी पता था कि अवैध रेत खनन में कौन था? फिर भी एक्शन नहीं लिया गया। मैं मंत्री को बर्खास्त करने के साथ उसके खिलाफ केस भी दर्ज करवा रहा हूं।

सिंगला को पार्टी से भी बर्खास्त करने की मांग
बर्खास्त किए गए मंत्री डॉ. विजय सिंगला को पार्टी से निकालने की मांग शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश चड्‌ढा और अनमोल गगन मान ने इसकी वकालत की है। विधायक चड्‌ढा ने कहा कि जब मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया तो उन्हें पार्टी से भी निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी जरूर इसमें अनुशासनिक कार्रवाई करेगी।

दागी लोगों की पार्टी में जगह नहीं : AAP प्रवक्ता
आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि किसी टेंडर में विजय सिंगला ने 1% कमीशन की मांग की थी। इसकी शिकायत CM मान के पास पहुंची थी। पार्टी से निकाले जाने के मुद्दे पर कंग ने कहा कि दागी लोगों का आम आदमी पार्टी में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि दागी लोगों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।