बड़ी खबर: बिहार के इन 27 जिलों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी, यहां देखें

इस खबर को शेयर करें

पटना: बिहार में बारिश का सिस्टम सक्रिय है। राज्य भर में दक्षिणी पुरवा और पुरवा हवा का प्रभाव है। ये हवाएं अपने साथ काफी मात्रा में नमी ला रही हैं। इस वजह से उमस बढ़ गई है। ऐसे में तापमान चढ़ते ही बादलों का तेजी से निर्माण हो रहा है। अनुकूल परिस्थति होते ही झमाझम बारिश हो रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी मध्यप्रदेश की ओर बने चक्रवाती परिसंचरण से बिहार तक एक ट्रफ रेखा गुजर रही है। एक अन्य उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा पूर्वी बिहार से उत्तरी ओडिशा तक गुजर रही है। इन मौसमी परिस्थतियों की वजह से पिछले 24 घंटों में राज्य के उत्तर पश्चिमी, उत्तर मध्य और दक्षिण बिहार में आंशिक से मध्यम बारिश की स्थिति देखी गई।

कहीं-कहीं हवा का प्रवाह 40 से 50 किमी प्रतिघंटे तक रहा। राज्य के अधिकतर भाग में आंशिक बादल छाये रहे। पटना व इसके आसपास बुधवार की शाम में मौसम के बदलाव का असर गुरुवार तक बना रहा। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई। देर रात में झमाझम बारिश के बाद सुबह में मौसम सुहाना बना रहा हालांकि दिन चढ़ने पर फिर से उमस की स्थिति बन गई। राज्य भर में सबसे ज्यादा बारिश पटना जिले के बिक्रम में हुई, जहां देर रात 80.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी कई जिलों में गरज तड़क के साथ आंशिक से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों में पटना में 16.4 मिमी के अलावे भोजपुर के संदेश में 40 मिमी, तरारी में 32.4, कोइलवर में 23.6 मिमी नालन्दा के बिहारशरीफ में 21. 2 मिमी, चरपोखरी में 18.6 मिमी बारिश हुई हैं।