Bihar Politics: बिहार में राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा ने भेजे 12 नाम, छह सवर्ण और छह पिछड़ा वर्ग

इस खबर को शेयर करें

पटना : राज्यसभा की दो सीटों पर प्रत्याशियों के नाम के चयन को लेकर सोमवार को बिहार भाजपा चुनाव समिति और कोर ग्रुप की अलग-अलग बैठक हुई। पार्टी प्रदेश मुख्यालय में संपन्न हुई बैठकों में दो सीटों के लिए छह नामों पर मुहर लगी। प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल और बिहार भाजपा के राष्ट्रीय सह प्रभारी हरीश द्विवेदी की अगुवाई में हुई बैठक में सवर्ण और पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग से छह-छह लोगों के नाम पर चर्चा हुई।

कोर ग्रुप की बैठक में शामिल हुए वरिष्ठ नेता
चुनाव समिति और कोर ग्रुप की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र नाथ, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी, अश्विनी चौबे, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार, नंदकिशोर यादव, पूर्व विधायक प्रेमरंजन पटेल विधान परिषद में उप नेता नवल किशोर यादव और पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी सम्मिलित हुए।

12 लोगों में पुराने के साथ नए चेहरे भी
बता दें कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश इकाई से 12 नामों की सूची मांगी थी। इस आधार पर चुनाव समिति और कोर ग्रुप ने जिन नामों की सूची भेजी है उनमें वर्तमान राज्यसभा सदस्य गोपाल नारायण सिंह और सतीश चंद्र दुबे के अलावा प्रेम रंजन पटेल, सुरेश रूंगटा, मिथलेश तिवारी, अवधेश नारायण सिंह, मनोज शर्मा, मृत्युजंय झा, लाजवंती झा, महाचंद्र प्रसाद सिंह, वीरचंद्र पासवान और राजेश वर्मा शामिल हैं।

बदल सकती है भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की तिथि
कटिहार में 31 मई और एक जून को प्रस्तावित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की तिथि बदल सकती है। उप मुख्यमंत्री और विधानमंडल दल के नेता तारकिशोर प्रसाद की ओर से कटिहार के नगर सभागार में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन राज्यसभा चुनाव और प्रदेश में चल रही राजनीतिक उथलपुथल की अफवाह के बीच पार्टी ने तत्काल बैठक स्थगित करने का निर्णय लिया है।