हरियाणा में आज से फिर झमाझम बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया अलर्ट

इस खबर को शेयर करें

आज शनिवार को हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में कुछ स्थानों पर बिखराव वाली बारिश देखने को मिली। ज्यादातर स्थानों पर मौसम साफ रहा और आंशिक बादलवाही रही। परन्तु जल्द ही हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में कल से फिर झमाझम बारिश देखने को मिलेगी। भारतीय मौसम विभाग ने सम्पूर्ण इलाके पर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि आज मानसून टर्फ रेखा दक्षिणी भाग पर होने की वजह से हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में केवल बादलवाही और बिखराव वाली बारिश दर्ज की गई। हरियाणा में रोहतक, कैथल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और आसपास बारिश हुई।

वर्तमान में मॉनसून की ट्रफ रेखा जैसलमेर, जोधपुर, कोटा, गुना, सागर, रायपुर, भुवनेश्वर से होते हुए दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की पूर्व मध्य खाड़ी की ओर जा रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और इससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है। इसके प्रभाव में 7 अगस्त को उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की उम्मीद है।एक सर्कुलेशन कर्नाटक के मध्य भाग पर है। वहीं एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य राजस्थान पर बना हुआ है। आज रात को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय होने से पंजाब पर एक प्रेरित चक्रवातीय सरकुलेशन बनने जा रहा है जिसकी वजह से अरब सागर से प्रचुर मात्रा नमी वाली हवाओं साथ ही मानसूनी टर्फ रेखा उत्तरी होने की संभावना बन रही है‌। जिसकी वजह से बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाओं और अरब सागर की नमी वाली हवाओं से पंजाब व राजस्थान में मानसून गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा‌। जबकि हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में भी बिखराव वाली हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम आकार की बारिश की गतिविधियों की संभावना बन रही है।

आज हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री से 36.8 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री से 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिन स्थानों पर बिखराव वाली बारिश दर्ज हुई उन स्थानों पर मौसम सुहावना बना हुआ है जबकि अन्य जिलों में उमस और पसीने वाली गर्मी आगाज किए हुए है। अगले दो दिन के दौरान तटीय कर्नाटक, विदर्भ, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों, दक्षिण राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वी गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही तेलंगाना, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जबकि गुजरात, राजस्थान, एनसीआर दिल्ली, हरियाणा के कुछ हिस्सों, उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, शेष उत्तर पूर्व भारत, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के ऊपर ओडिशा के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। अगले 48 घंटों के दौरान इस प्रणाली के कुछ और मजबूत होने की संभावना है। इस सिस्टम के पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 3 दिनों के भीतर ओडिशा तट को पार करने की संभावना है।