बिहार में अगले हफ्ते से ठंड और कोहरे में होगी बढ़ोतरी, रातों के साथ अब दिन भी हो रहे सर्द

Cold and fog will increase in Bihar from next week, now days are getting colder with nights
Cold and fog will increase in Bihar from next week, now days are getting colder with nights
इस खबर को शेयर करें

पटना: Bihar Weather Forecast: बिहार में रात के साथ-साथ अब दिन का पारा भी गिरने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में अगले हफ्ते से सर्दी का सितम और बढ़ेगा। राज्य में 12 दिसंबर के बाद ठंड के साथ-साथ कोहरे की सघनता भी बढ़ेगी। सूबे में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। दक्षिण बिहार में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच है, जबकि उत्तर बिहार में 26 से 28 डिग्री के बीच अधिकतम पारा रह रहा है। इससे सुबह-शाम ठंड और दोपहर में गर्मी की स्थिति हो रही है। हालांकि, राजधानी पटना सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान में कमी आई है।

पटना का अधिकतम पारा मंगलवार को डेढ़ डिग्री तक नीचे आ गया। देश के उत्तरी हिस्से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। इससे रात के साथ ही दिन में ठंड का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में पछुआ और उत्तर पछुआ का प्रभाव है। 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवा से दिन का तापमान कई जिलों में सामान्य के करीब या फिर कम रिकार्ड किया गया है।

पटना में दिन में 12 से 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही है। इससे दिन में ठंड का असर रहा। हालांकि रात में तापमान सामान्य रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 10 दिसंबर के बाद बिहार के सभी हिस्से में तापमान में गिरावट होने के आसार हैं।

गया राज्य में सबसे ठंडा
पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री और रात का तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस होने के आसार हैं। गया राज्यभर में सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।