हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर, कई जिलों में अलर्ट

इस खबर को शेयर करें

हिसार : हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव देखने को मिलेगा। इस दौरान उत्तर-पूर्वी हवा चलने से ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। राज्य के पश्चिमी जिलों में 14 नवम्बर को बीच-बीच में हवा चलने तथा कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है।

वहीं बदले मौसम के कारण रात्रि तापमान में गिरावट आ गई है। हिसार में रात्रि तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे 12.2 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे कम रात्रि तापमान अम्बाला का 10.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा का 10.2, करनाल का 12.4, नारनौल 14.0, भिवानी 13.9, फतेहाबाद 12.2 व गुरुग्राम का 11.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में दोपहर का पारा सामान्य से 2 डिग्री कम 27.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डा. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हरियाणा राज्य में 13 व 14 नवम्बर को मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने से ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। राज्य के पश्चिमी जिलों में 14 नवम्बर को बीच-बीच में हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। इसके बाद 15 नवम्बर से मौसम खुश्क तथा उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।