हरियाणा मे कांग्रेस की कलह और चैटाला की रिहाई से माहौल गर्म, भाजपा ने बनाई ये खास रणनीति

इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में कलह और इनेलो प्रमुख व पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला की रिहाई से पैदा माहौल का भाजपा फायदा उठाने की तैयारी में है। भाजपा इस पूरे माहौल पर भगवा रंग चढा़ने की तैयारी में है। हरियाणा में चल रही इन राजनीतिक उथल-पुथल के बीच भाजपा ने संगठन और सरकार में तारतम्य बढ़ाने की रणनीति तैयार की है।

केंद्रीय योजनाओं का लाभ हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल जहां लगातार दिल्ली दरबार के संपर्क में हैं, वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने संगठन की गतिविधियों की गति बढ़ा दी है। केंद्र व प्रदेश सरकार की करीब एक दर्जन सरकारी योजनाएं ऐसी हैं, जो समाज के सबसे पिछले व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का आधार बन सकती हैं। इन योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार अब संगठन की मदद लेगी। इन योजनाओं के प्रचार प्रसार के जरिये भाजपा हुड्डा व सैलजा की कलह और चौटाला की रिहाई पर भगवा रंग चढ़ाने की तैयारी में है।

भाजपा ने अपने इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए बुधवार को विधायक दल और पार्टी जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ यह बैठक लेंगे। बैठक में विधायकों के अलावा सभी मोर्चों के अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, पार्टी के तीनों प्रदेश महामंत्री भी शामिल होंगे। कुछ पदाधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये चर्चा में शामिल होंगे। भाजपा विधायक दल की करीब दो सप्ताह पहले भी एक बैठक हो चुकी है, जिसमें तीनों केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत, कृष्णपाल गुर्जर और रतनलाल कटारिया, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी अन्नपूर्णा देवी शामिल हुए थे।

भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि प्रदेश सरकार जन कल्याण के काफी काम कर रही है। करीब एक दर्जन सरकारी योजनाएं ऐसी हैं, जिन्हें आदर्श मानते हुए केंद्र व अन्य राज्य सरकारें अपने यहां लागू कर चुकी हैं। केंद्र भी अक्सर हरियाणा पर मेहरबान रहता है।

केंद्र सरकार ने अपनी कई योजनाओं की शुरुआत हरियाणा से की है। ऐसे में भाजपा सरकार और संगठन को लग रहा कि जन कल्याण की इन योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार किया जाना चाहिे, ताकि विकास को आधार बनाते हुए अगले चुनाव के लिए अभी से माहौल बनाया जा सके।

केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की बुकलेट बनेगी
भाजपा की आज होनेवाली सरकार और संगठन की बैठक में संगठन के लोगों को सरकारी योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन और लोगों को इनकी जानकारी देने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके लिए सरकार अपनी योजनाओं की एक बुकलेट भी तैयार कर सकती है, जिसे लेकर पार्टी पदाधिकारी लोगों के बीच जाएंगे।

पार्टी द्वारा किसान कल्याण की योजनाओं और उन्हें विभिन्न योजनाओं में दी गई मदद को भी लोगों खासकर गांव-देहात में किसानों के बीच लेकर जाया जाएगा। प्रदेश में जिस तरह कांग्रेस दिग्गजों भूपेंद्र हुड्डा व कुमारी सैलजा के बीच राजनीतिक कलह और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की रिहाई से जो माहौल बना है, उस पर भगवा रंग चढ़ाने के लिए पार्टी खास रणनीति पर काम कर रही है।