सिंघु बॉर्डर कांड पर सीएम मनोहर ने ली हाई लेवल की मीटिंग, दिये ये आदेश

इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़। बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के धरनास्थल पर बीती रात एक युवक की बेरहमी से हत्या के मामले पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चंडीगढ़ में एक हाई लेवल मीटिंग ली है। मीटिंग में मुख्यमंत्री मनोहर के साथ गृह मंत्री अनिल विज, पुलिस महानिदेशक के साथ अन्य आलाधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में घटना की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

एक निहंग सिख ने किया आत्मसमर्पण
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सिंघु बॉर्डर पर युवक की हुई निर्मम हत्या में अब तक दो नाम बाबा अमनदीप सिंह, बाबा नारायण सिंह सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक ने हाथ काटा है दूसरे ने पैर काटा है। वहीं दूसरी तरफ युवक की हत्या की जिम्मेदारी निहंग सिख सर्वजीत सिंह ने ली है। सर्वजीत ने हरियाणा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि दिल्ली-हरियाणा की सीमा पर किसानों के कुंडली स्थित प्रदर्शन स्थल के नजदीक एक व्यक्ति की बड़ी बर्बरता के साथ मौत के घाट उतार दिया था। निहंगों के एक गुट ने बड़ी बेरहमी से शख्स का हाथ काटकर उसके शरीर को बैरिकेड से लटका दिया था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है।

पंजाब के तरण तारण जिले का रहने वाला था मृतक
वरिष्ठ किसान नेता अभिमन्यु कोहर ने बताया कि निहंगों के समूह ने कथित तौर पर उस व्यक्ति की हत्या की है और वे एसकेएम के प्रदर्शन का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मृतक कुछ समय से निहंगों के उसी समूह के साथ रह रहा था। पुलिस ने बताया कि मृतक लखबीर सिंह पंजाब के तरण तारण जिले के चीमा खुर्द का रहने वाला था और पेशे से मजदूर था, जिसकी आयु 35 वर्ष के आसपास थी।