अभी अभी: हरियाणा में बदला मौसम: इन जिलों में में तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू

इस खबर को शेयर करें

हरियाणा में मौसम ने करवट ली है। प्रदेश की कई जगहों पर बूंदाबांदी शुरू हो गई है। गन्नौर, रोहतक और आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी व बिजली की गर्जना के साथ हल्की बूंदाबांदी हो रही है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विभाग के अनुसार, रात 9 बजे तक यहां धूल भरी हवाएं चलने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इस बीच हिसार शुक्रवार को भी 47.5 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश मे सबसे गर्म रहा। हिसार के तीनों सेंटरों पर पारा 47 डिग्री से ऊपर रहा। प्रदेश में सबसे कम 40.9 डिग्री तापमान यमुनानगर के दामला में दर्ज हुआ।

हिसार के चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने शुक्रवार शाम 6 बजे बुलेटिन जारी किया। इसके अनुसार, शुक्रवार रात 9 बजे तक हिसार, जींद, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, रेवाड़ी जिलों और इनके आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं धूल भरी हवाएं चलेंगी।

हरियाणा के लोग दो-तीन दिनों से भयंकर गर्मी झेल रहे थे। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के आंशिक असर से हवाओं में बदलाव हुआ। भारतीय मौसम विभाग के नारनौल स्थित सब सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 21 से 24 मई के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के पश्चिमी दक्षिणी और उत्तरी जिलों के साथ एनसीआर व दिल्ली पर इनका असर अधिक देखने को मिलेगा। इन स्थानों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान संपूर्ण इलाके में हवाओं की दिशा दक्षिणी पूर्वी और दक्षिणी पश्चिमी हो जाएगी, जिसकी वजह से बादलवाही देखने को मिलेगी।