
चंडीगढ़: गणतंत्र दिवस इस बार हरियाणा के लिए बेहद खास रहा। लगातार दूसरी बार 26 जनवरी परेड में हरियाणा की झांकी कर्तव्य पथ पर शामिल हुई। इस बार भी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हरियाणा का गौरव दिखा। गीता महोत्सव थीम पर बनी झांकी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने झांकी के जरिए गीता का शाश्वत संदेश दिया।
अर्जुन को दे रहे हैं गीता ज्ञान
झांकी में श्री कृष्ण के विराट स्वरूप को कमल पर सवार दिखाया गया है। साथ ही शेषनाग अपने फन से भगवान श्रीकृष्ण को ढके हुए हैं। झांकी में श्रीकृष्ण अपने विराट स्वरूप के साथ ही अर्जुन को गीता का ज्ञान भी दे रहे हैं। स्वरूप के पीछे अर्जुन का रथ है और अर्जुन बैठकर श्रीकृष्ण से गीता ज्ञान ले रहे हैं।
सरकार कर रही गीता का प्रचार
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसे गौरव का पल बताते हुए कहा है कि गीता हरियाणा ही नहीं पूरे विश्व की धरोहर है। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के जरिए हरियाणा सरकार गीता के ज्ञान का प्रचार प्रसार कर रही है। कर्तव्य पथ पर चलने का श्री कृष्ण ने अर्जुन को दिया था संदेश, वैसे ही कर्तव्य पथ पर हरियाणा की झांकी दिखाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गीता के प्रचार प्रचार को लेकर प्रयास करती रहेगी।
पाठ्यक्रम में गीता शामिल
हरियाणा सरकार पाठयक्रम में गीता शामिल करने के बाद अब स्कूलों की प्रार्थना सभा में गीता के श्लोक शामिल करने जा रही है। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने यह सिफारिश की है। शिक्षा विभाग ने इसे लागू करने की तैयारी कर ली है। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर भी इसकी पुष्टि कर चुके हैं।