
लंदन: पब्लिक में दीवारों पर पेशाब करने वाले अब सावधान हो जाएं। अगर दीवारों पर पेशाब किया तो आप खुद भी गीले हो सकते हैं। क्योंकि यहां की दीवारें आपकी पेशाब को वापस आप ही पर गिरा सकती हैं। यह अजीब तरीका ढूंढ़ निकाला है लंदन शहर के प्रशासन ने। दरअसल पब्लिक प्लेस पर पेशाब करने वालों पर नकेल कसने के लिए लंदन में प्रशासन ने यह अनोखा तरीका ढूंढा है।
पेशाब करने वाला खुद हो जाएगा गीला
लदन शहर की दीवारों पर एक खास पेशाब-रोधी पेंट (Pee Repellant Paint) लगाया जाएगा। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह ऐसा पेंट है जिस पर पानी रुकता नहीं है बल्कि यह बाउंस होकर वापस उसी तरफ आता है जिस तरफ से फेंका गया था। सीधे शब्दों में कहें तो अगर कोई पेंट लगी दीवार पर पेशाब करने की कोशिश केरगा, पेशाब की धार दीवार पर टकराकर वापस उसी पर गिर जाएगी।
ब्रिटेन का लंदन शहर अपनी नाइटलाइफ के लिए फेमस है। लेकिन इसके चलते लोग अक्सर रातों में दूसरों के घरों की दीवारों पर पेशाब कर जाते हैं। गुस्साए शहर के लोग सार्वजनिक पेशाब की लगातार समस्या से निपटने के लिए यह नया तरीका आजमा रहे हैं। उन्होंने इस पेंट को एंटी-पी पेंट नाम दिया है। लंदन के सोहो इलाके के एक अधिकारी ने कहा कि एंटी-पी पेंट को दर्जनों घरों में लगाया जा रहा है।
परेशान हैं सोहो इलाके के लोग
सोहो इलाका बार, रेस्तरां, थिएटर और अन्य मनोरंजन स्थलों के लिए फेमस है। रात में इन जगहों से निकलने के बाद लोग घरों व खुद इन्हीं स्थलों की दीवारों पर पेशाब करते हैं। एक स्थानीय पार्षद आइचा लेस ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह पेंट वाकई बहुत असरदार है और आरोपियों को सबक सिखाने के लिए काफी है। वेस्टमिंस्टर सिटी काउंसिल ने सोहो के लगभग 3,000 निवासियों के साथ-साथ श्रमिकों और व्यापार संचालकों की शिकायतों के बाद इस तरह की पहल शुरू की है।
एक शांत आवासीय सड़क पर स्थित घर की दीवार पर पेंट का छिड़काव कर रहे आइचा लेस ने कहा कि “पब्लिक में पेशाब करना कोई बहुत अच्छी बात नहीं है। हमारे निवासी बहुत परेशान हैं। जब वे सुबह अपने घर के दरवाजे से बाहर निकलते हैं तो उनको सिर्फ पेशाब की बदबू आती है। स्थानीय लोग स्वच्छ, सुरक्षित वातावरण में रहने के हकदार हैं।”
कैसे काम करती है ये पेशाब रोधी पेंट?
पेशाब रोधी पेंट कुछ और नहीं बल्कि एक सुपरहाइड्रोफोबिक लिक्विड है। देखने में ये पूरी तरह से ट्रांसपेरेंट होती है। इस खास लिक्विड को ऐसे बनाया गया कि उस पर पानी की एक भी बूंद नहीं रुक सकती। पेंट एक वॉटर रेपेलेंट लेयर बनाता है जिससे पेशाब करने वाले शख्स पर ही धार वापस उछले और वह खुद भीग जाए। रिपोर्ट में कहा गया है कि फुटपाथ और दीवारों से पेशाब साफ करने में जो खर्चा आता है उसके मुकाबले ये पेंट काफी सस्ता है। पेंट बनाने वालों ने बताया कि हर पेंट की तरह, इसे भी नियमित रूप से लगाने की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि एक साल में कम से कम एक बार इस पेंट को लगाना होगा।
वेस्टमिंस्टर सड़क की सफाई पर सालाना लगभग 1.24 मिलियन डॉलर खर्च करता है। इस सफाई में पीड-ऑन साइडस्ट्रीट्स (गलियों में पेशाब) भी शामिल है। अब प्रशासन को उम्मीद है कि यह नई रणनीति उस खर्च को कम करेगी। पार्षद ने कहा, “हम देखेंगे कि छह महीने के समय में इसका क्या प्रभाव पड़ता है और क्या हवा में बदबू कम होता है।”
वैसे तो दुनिया भर में बिजी नाइटलाइफ वाले शहरी क्षेत्र सार्वजनिक पेशाब की समस्या से जूझ रहे हैं। लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि सोहो विशेष रूप से इस गंभीर समस्या से ग्रस्त है। स्थानीय निवासी टिम लॉर्ड के अनुसार, यूके की राजधानी के ठीक बीच में बसे 0.25-वर्ग-मील के इस इलाके में शराब बेचने के लिए 400 से अधिक परिसरों को लाइसेंस मिला हुआ है। जिनमें से लगभग एक चौथाई देर रात तक खुले रहते हैं।