मुजफ्फरनगर में वंदे भारत पर जनता ने बरसाए गए पुष्प, गूंजा वंदेमातरम

Muzaffarnagar: The flowers showered on Vande Bharat and Vande Mataram reverberated
Muzaffarnagar: The flowers showered on Vande Bharat and Vande Mataram reverberated
इस खबर को शेयर करें

मुजफ्फरनगर। देहरादून से आनंद विहार जा रही वंदे भारत ट्रेन की पहली झलक पाने के लिए स्टेशन पर लोगों की भीड़ उमड़ी। ट्रेन पर फूलों की बारिश हुई और वंदेमातरम गूंज उठा। सेल्फी लेने और रील बनाने की होड़ लग गई। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आठवीं ट्रेन का संचालन किया गया है, लोगों के बीच बेहद उत्साह है।

बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे ट्रेन पहुंची तो स्टेशन पर उत्सव जैसा नजारा बन गया। युवा ट्रेन के साथ सेल्फी के अलावा रील बनाते नजर आए। आरपीएफ को व्यवस्था बनाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अभिनंदन किया। करीब छह मिनट रूकने के बाद ट्रेन खतौली के लिए रवाना हो गई।

स्कूली बैंड की धुन के बीच पहुंची वंदेभारत
शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चे बैंड लेकर पहुंचे। ट्रेन पहुंची तो धुन बजाकर भव्य स्वागत किया। ट्रेन की पहली झलक पाने के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के पति गौरव स्वरूप, पूर्व विधायक अशोक कंसल, श्रीमोहन तायल, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, अंचित मित्तल, देव व्रत त्यागी, विपुल त्यागी, संजय गर्ग, सुनील सिंघल, देवेश कौशिक मौजूद रहे।

पूरा हुआ प्रधानमंत्री का सपना : वैष्णव

रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत देश के प्रधानमंत्री मोदी का सपना था, जो पूरा हुआ। देश में चलने वाली यह वंदे भारत की आठवीं ट्रेन है, जो पूरी तरह स्वनिर्मित है। जिले में केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के प्रयास से ही स्टॉपेज मिला है।

एक झलक पाने को तीन घंटे किया इंतजार

वंदे भारत ट्रेन लगभग छह मिनट रुकी। ट्रेन के आने का समय तीन बजे तय किया गया था, लेकिन यहां चार बजे पहुंची। स्कूली बच्चे और आम जनता एक बजे से ही रेलवे स्टेशन पर एकत्र होना शुरू हो गए थे।

नौचंदी में एसी के डिब्बे बढ़ाने की मांग

सहारनपुर से प्रयागराज तक चलने वाली नौचंदी एक्सप्रेस में सहारनपुर से एसी द्वितीय का केवल एक कोच है। राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने सहारनपुर से एक कोच थर्ड एसी और एक कोच एसी सेकंड का बढ़वाने की मांग की। रेल मंत्री ने मांग पूरा करने का आश्वासन दिया है।