
- हरियाणा की महिलाओं को मिली बड़ी सौगात, इन जिलों में बनेगा महिला आश्रम, देखे लिस्ट - February 3, 2023
- ‘OPS’ लागू हुई तो देश दिवालिया हो जाएगा: CM खट्टर - February 3, 2023
- हरियाणा विधानसभा में 23 फरवरी को पेश होगा बजट, जानें खट्टर सरकार की क्या तैयारी - February 3, 2023
देहरादून: राष्ट्रपति के देहरादून आगमन पर इस बार राष्ट्रपति आशियाना गुलजार नहीं होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देहरादून प्रवास के दौरान राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। पहले उनके रात्रि विश्राम के लिए राजपुर रोड स्थित आशियाने को तैयार किए जाने की चर्चा थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आठ दिसंबर की शाम साढ़े छह बजे सीएम आवास में अभिनंदन समारोह भी होगा।
मुर्मू राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार देहरादून दौरे पर आ रही हैं। उनके दौरे की चर्चा हुई तो स्थानीय अफसरों ने कहा कि वे राष्ट्रपति आशियाना में रात्रि विश्राम करेंगी। अफसरों ने साफ-सफाई समेत तमाम इंतजाम कराए।170 एकड़ जमीन पर बने इस आशियाने में आठ कमरों के साथ सुरक्षाकर्मियों के लिए दो बैरक हैं। घोड़ों का अस्तबल भी है।
इस बीच राष्ट्रपति सुरक्षा टीम पहुंची और आशियाना की जगह राजभवन को फाइनल किया गया। क्योंकि, यह स्थान जीटीसी हेलीपैड के पास है। राष्ट्रपति तीन बार हेलीपैड जाएंगी। आखिरी बार पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 2018 में दून स्थित राष्ट्रपति आशियाने में ठहरे थे। उधर,एडीजी ने राष्ट्रपति ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।
जौलीग्रांट में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए टीम तैनात
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे के लिए राजभवन और जौलीग्रांट एयरपोर्ट में वन विभाग की दो क्विक रिस्पांस टीमें तैनात की गई हैं, जो नौ दिसंबर तक तैनात रहेंगी। ये टीमें बंदर और सांप सहित तमाम वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखेंगी। डीएफओ देहरादून नितीशमणि त्रिपाठी ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि राजभवन में रेंजर भुवन चंद्र केष्टवाल के साथ दून जू के डॉ. प्रदीप मिश्रा, रेस्क्यू टीम लीडर जितेंद्र बिष्ट 12 लोगों की टीम तैनात रहेगी।
राष्ट्रपति के देहरादून आगमन पर दूरबीन से होगी निगरानी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा में आयोजन स्थल के आसपास चप्पे-चप्पे पर वर्दी और सादी वर्दी में पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। आयोजन स्थल के पास ऊंचे स्थानों पर पुलिस दूरबीन से भी निगरानी करेगी। मंगलवार शाम पुलिस लाइन में ब्रीफिंग के दौरान अफसरों ने सुरक्षा ड्यूटी में लगी फोर्स को दिशा-निर्देश दिए। अफसरों ने निर्देश दिए कि सभी वीआईपी ड्यूटी के लिए तीन घंटे पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंच जाएं।
सीएम आवास में होगा मुर्मू का अभिनंदन समारोह
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आठ दिसंबर की शाम साढ़े छह बजे सीएम आवास में अभिनंदन समारोह भी होगा। मंगलवार को अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। एसीएस ने अफसरों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। इस सम्मान समारोह के दौरान स्थानीय कलाकार लोकसंस्कृति की झलक दिखाएंगे। इस दौरान सचिव एचसी सेमवाल, प्रभारी सचिव विनोद कुमार सुमन, डीआईजी गढ़वाल रेंज करन सिंह नगन्याल एवं एसएसपी डीएस कुंवर मौजूद थे।
आठ को देहरादून आएंगी मुर्मू और नौ को वापसी होगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आठ दिसंबर की शाम देहरादून पहुंचेंगी। वे दिल्ली से विशेष चार्टर्ड विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट आएंगी। वहां से सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर के जरिये जीटीसी हेलीपैड पहुंचेंगी। यहां से सड़क से शाम करीब साढ़े चार बजे राजभवन पहुंच जाएंगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद सुबह साढ़े आठ बजे जीटीसी हेलीपैड से एमआई 17 हेलीकॉप्टर से मसूरी पहुंचेंगी। नौ को राष्ट्रपति की वापसी होगी।
सुरक्षा में इतनी फोर्स
पुलिस अधीक्षक-11, अपर पुलिस अधीक्षक-पुलिस उपाधीक्षक 24, थानाध्यक्ष-21, उप निरीक्षक एवं अपर उपनिरीक्षक-156, महिला उपनिरीक्षक-28, हेड कांस्टेबल-44, कांस्टेबल 419, महिला कांस्टेबल 54, एटीएस की पांच टीम रहेगी।
हेलीकॉप्टर का अभ्यास
दून के आसमान में एमआई-17 हेलीकॉप्टर कई बार उड़ते नजर आए। बताया जा रहा कि ये एमआई हेलीकॉप्टर राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के चलते अभ्यास को आए थे। इन्होंने एयरपोर्ट से जीटीसी हेलीपैड, यहां से मसूरी और फिर वापसी की।