यूपी के 40 जिलों में बारिश ने मचाई तबाही, सहारनपुर-मुजफ्फरनगर में मकान ढहने से 3 की मौत, यहां देंखे

इस खबर को शेयर करें

लखनऊ। मानसून जाते-जाते यूपी को जमकर भिगो रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को 40 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे बारिश होने की संभावना जताई है। शनिवार सुबह से झांसी में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। वहीं, मुजफ्फरनगर में मकान की छत गिरने से 2 की मौत हो गई। जबकि सहारनपुर में बारिश में मकान गिरने से बेटी की मौत हो गई।

प्रदेश में 24 घंटे में कुल 12.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो कि औसत अनुमान से 413% अधिक है। 3 दिनों से लगातार हो रही बारिश से यूपी के 12 जिलों के 237 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

झांसी में आज शनिवार सुबह से बारिश हो रही है। बारिश के चलते स्कूल और ऑफिस जाने वाले बच्चो को परेशानी हुई। वहीं लगातार बारिश होने से किसानों की मूंग, उर्द और तिल की फसल चौपट हो गई। अगर इसी तरह बारिश हुई तो मूंगफली को भी नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि कल से मौसम साफ रहेगा। हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।

लगातार हुई बारिश के चलते ग्रेटर नोएडा में गिरे चार मकान। कोई हताहत नहीं।
आगरा के देवरी में बरसात से गिरा मकान। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर।

सहारनपुर में बारिश के चलते मकान गिरने से 1 की मौत हो गई। उसकी उसकी मां घायल हो गई है। शहर के शहीद गंज कर्नवाल वालों मार्केट में मनोज अपनी पत्नी मोनिका और दो बेटियां वैष्णवी और राधिका के साथ रहते हैं। बारिश के बाद मकान गिर चुका है। जिसके नीचे दबकर वैष्णवी (16) की मौत हो चुकी है। जबकि पत्नी मोनिका की टांगों पर गंभीर चोट आई है। बड़ी बेटी राधिका सुबह कंप्यूटर के कोचिंग में गई हुई थी और मनोज अपनी दुकान पर थे।

डीएम अखिलेश सिंह द्वारा कल ही स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई थी। मृतक बच्ची दिल्ली रोड के रेनबो स्कूल में पढ़ती थी। आज उसका पेपर था। लेकिन छुट्टी घोषित होने के कारण वह स्कूल नहीं जा सके और हादसे का शिकार हो गई।

बारिश के चलते यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, अलीगढ़, सीतापुर, बहराइच, बुलंदशहर, कानपुर , मैनपुरी, कासगंज, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, फर्रुखाबाद में शनिवार को स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रदेश के आपदा एवं राहत विभाग के अनुसार, प्रदेश में 2,23,555 की आबादी बारिश से प्रभावित है। जगह-जगह फंसे 6764 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। गंगा, शारदा, लखीमपुर खीरी में घाघरा और बलिया की गोंड नदी खतरे की निशान से ऊपर बह रही हैं।

ग्रेटर नोएडा में गिरे मकान

आगरा में रेलवे अंडरपास में बारिश के पानी में डूब गई कार
तेज बारिश ने आगरा शहर के हालात बिगाड़ दिए हैं। शहर में जगह-जगह सड़कें धंस गई हैं और जलभराव हो गया है। रेलवे अंडरपास पर भरे बारिश के पानी में एक कार डूब गयी। ड्राइवर की गुहार पर लोग तैर कर उसके पास पहुंचे और ड्राइव ने बाहर कूद कर जान बचाई है। घटना का वीडियो सामने आया है।

हमीरपुर: 500 घर ढहे

जिले में कई दिन हो रही मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कई गांव पानी से घिर गए हैं, उनका संपर्क बाकी जगह से टूट गया है। फसल बर्बाद हो गई है। वहीं करीब 500 सौ कच्चे घर ढह गए हैं।

24 घंटे में इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

24 घंटे में बुलंदशहर में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां पर 111.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। दूसरे नंबर पर एटा में 97.3 मिलीमीटर। अलीगढ़ में 68.1 मिलीमीटर, फिरोजाबाद में 63.7 मिलीमीटर, बदायूं में 59.8 मिलीमीटर, सहारनपुर में 57.8 मिलीमीटर, मुजफ्फरनगर में 49.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा, हापुड़ में 43 मिलीमीटर, औरैया में 40 मिलीमीटर, मेरठ में 35.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

40 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में 40 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इन शहरों में लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, औरैया, मेरठ, फतेहपुर, शामली, कासगंज, चित्रकूट, हापुड़, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, गोरखपुर, महाराजगंज, बाराबंकी, बस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, मऊ, संतकबीर नगर, सीतापुर, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, देवरिया है। मौसम विभाग ने इन जिलों के डीएम को एहतियातन तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।