राजस्थान में मौसम विभाग ने फिर जारी किया बारिश का अलर्ट, यहां देखें

इस खबर को शेयर करें

सीकर. राजस्थान को बरसात एक बार फिर भिगोएगी। मौसम वैज्ञानिकों ने इसकी संभावना जाहिर की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रीयता की वजह से ऐसा होगा। जिसका असर राजस्थान के उतरी इलाकों में होगा। हालांकि ये बरसात तेज नहीं होगी। बल्कि छिटपुट बरसात के साथ कहीं कहीं बादल छा सकते हैं। बरसात 20 फरवरी को आने की संभावना है। जिसका असर 21 फरवरी को कुछ ज्यादा रहेगा। हालांकि 22 के बाद प्रदेश में मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा। जिसके बाद आगे भी मौसम सामान्य रहेगा।

ये कहता है मौसम विज्ञान
स्काईमेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 20 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। क्योंकि फिलहाल सक्रीय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ काफी कमजोर है। इसी बीच 20 फरवरी की रात को हल्का मौसम सिस्टम आएगा और शुरुआत में उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर बादल छाएंगे। जिसके साथ कहीं कहीं हल्की बारिश की शुरुआत होगी। इसका असर 21 फरवरी को ज्यादा रहेगा। जिसमें राजस्थान के उत्तरी इलाकों के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि अगले दिन 22 फरवरी से इसका असर कम हो जाएगा। 22 फरवरी को राजस्थान के अलावा पंजाब व हरियाणा में बरसाती गतिविधियां खत्म हो जाएगी। इसके बाद केवल दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल व बरसात देखने को मिल सकते हैं। लेकिन, इसके बाद 23 फरवरी से मौसम फिर सामान्य हो जाएगा। जिसके बाद आगे भी मौसम शुष्क रहने के आसार है।

अंतिम छोर पर सर्दी, बढऩे की संभावना कम
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में सर्दी अब अंतिम छोर पर है। कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रीय होने की संभावना ना होने से तेज बरसात की उम्मीद नहीं है। ऐसे में धूप में तेजी के साथ फरवरी महीने में केवल सुबह व शाम की सर्दी देखने को मिल सकती है। हालांकि इस बीच हवाओं का चलना जारी रह सकता है। दो दिन बरसात के दौरान तापमान में उतार चढ़ाव का दौर रहेगा।