श्रीकांत त्यागी के पक्ष में भाजपा के कई पदाधिकारियों का इस्तीफा, पश्चिमी यूपी में विरोध प्रदर्शन

Resignation of many BJP office-bearers in favor of Shrikant Tyagi, protests in western UP
Resignation of many BJP office-bearers in favor of Shrikant Tyagi, protests in western UP
इस खबर को शेयर करें

मेरठ। नोएडा में महिला से बदसलूकी करने वाले गालीबाज श्रीकांत त्यागी के पक्ष में पश्चिमी यूपी में माहौल गरमाने लगा है। त्यागी पर कार्रवाई के बाद भाजपा के कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। गढ़मुक्तेश्वर के 20 गांवों के त्यागी समाज के लोग गुरुवार को गुरुद्वारा प्रांगण में एकत्र हुए और श्रीकांत त्यागी प्रकरण में सभी को बेकसूर बताकर रिहाई की मांग उठाई। इसके बाद नारे लगाते हुए तहसील पर पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन कर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन ने जान बूझकर नुकसान पहुंचाने के लिए षड्यंत्र के तहत श्रीकांत त्यागी और अन्य को फंसाया है। सोसाइटी में गाली-गलौज की घटना को बड़ा रूप दिया है। बच्चों को खाना देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई जो गलत है। इस दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सुदीप कुमार को सौंपा गया।

बागपत में श्रीकांत त्यागी के समर्थन में बड़ागांव में ग्रामीणों की बैठक हुई। इसमें श्रीकांत त्यागी के खिलाफ की गई कार्रवाई को एक पक्षीय बताया गया। ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा के कई बूथ अध्यक्षों ने सामूहिक रूप में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि श्रीकांत त्यागी की पत्नी और बच्चों का शोषण किया गया। बूथ अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वालों में जोनी त्यागी, नरेंद्र त्यागी, कन्नू त्यागी, चिंटू त्यागी आदि शामिल रहे।