RRR Oscars 2023: राजामौली के न्यूयॉर्क क्रिटिक्स अवॉर्ड जीतने के क्या हैं मायने? ऑस्कर्स में कैसे मिलेगी मदद?

RRR Oscars 2023: What is the significance of Rajamouli winning the New York Critics Award? How to get help at Oscars?
RRR Oscars 2023: What is the significance of Rajamouli winning the New York Critics Award? How to get help at Oscars?
इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली। गुजराती फिल्म छेलो शो को ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने के बाद एसएस राजामौली ने अपनी फिल्म आरआरआर को स्वतंत्र प्रविष्टि के रूप में प्रतिष्ठित अवॉर्ड समारोह में ले जाने का फैसला किया। फिल्म की दावेदारी को मजबूत करने के लिए राजामौली अमेरिका में डेरा डाले हुए हैं और निरंतर कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। आरआरआर को अब एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है, जिसे ऑस्कर अवॉर्ड्स के मद्देनजर बेहद अहम माना जा रहा है।

आरआरआर के लिए राजमौली को बेस्ट निर्देशक का न्यूयॉर्क क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड दिया गया है। इस खबर ने आरआरआर की पूरी टीम को उत्साहित कर दिया है। आरआरआर रिलीज के वक्त से ही पश्चिम जगत में चर्चा के केंद्र में है। फिल्म को विदेशी दर्शक और जानकारों का सोशल मीडिया में लगातार सपोर्ट मिला है। इसको लेकर ट्वीट किये जा रहे हैं और लगातार बात हो रही है। अब सवाल यह है कि न्यूयॉर्क क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड मिलने को ऑस्कर के नजरिए से अहम क्यों माना जा रहा है?

ऑस्कर नॉमिनेशंस तक पहुंचे हैं NYFCC अवॉर्ड विजेता
दरअसल, अमेरिकी वेबसाइट्स के अनुसार, राजामौली को यह अवॉर्ड मिलने से 2023 में होने वाले ऑस्कर अवॉर्ड्स में फिल्म के चांसेस बढ़ गये हैं। न्यूयॉर्क क्रिटिक्स सर्किल अवॉर्ड विनर का चुनाव दुनियाभर के टॉप पब्लिकेशंस के 50 जर्नलिस्ट का समूह करता है। राजामौली को बेस्ट डायरेक्टर का पुरस्कार मिलने का मतलब है कि आरआरआर को जो लोकप्रियता पश्चिम के फिल्मकारों के बीच मिलनी चाहिए थी, वो उसे हासिल हो गयी है, जिससे फिल्म की दावेदारी को बल मिलेगा।

सोशल मीडिया में नेक्स्ट बेस्ट पिक्चर डॉट कॉम के एडिटर मैट नेगलिया ने यहां तक दावा किया है कि न्यूयॉर्क क्रिटिक्स सर्किल अवॉर्ड मिलने के बाद आरआरआर का ऑस्कर अवॉर्ड्स में नॉमिनेशन पक्का है। अपने दावे को सपोर्ट करने के लिए उन्होंने कुछ आंकड़े शेयर किये हैं। मैट ने लिखा कि 2000 के बाद से NYFCC विनर को 22 में से 16 बार ऑस्कर अवॉर्ड्स में नॉमिनेशन मिला है। मैट का यह ट्वीट अब वायरल हो रहा है।

ऑस्कर की सभी श्रेणियों में मुकाबला करेगी आरआरआर
आरआरआर की दुनियाभर में लोकप्रियता और सराहना को देखते हुए काफी लोगों को यकीन था कि फिल्म 2023 के ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बन सकती है, मगर जब छेलो शो चुन ली गयी तो फैंस का दिल टूट गया। इसके बाद फिल्म की टीम ने फैसला किया कि आरआरआर सभी श्रेणियों में ऑस्कर अवॉर्ड्स के नॉमिनेशंस के लिए अपनी दावेदारी पेश करेगी, यानी आरआरआर दुनियाभर की फिल्मों से बेस्ट फिल्म, बेस्ट एक्टर, बेस्टर डायरेक्टर समेत सभी प्रमुख कैटेगरीज में मुकालबा करेगी।

25 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई आरआरआर पीरियड फिल्म है, जिसमें दो स्वतंत्रता सेनानियों की ब्रिटिश हुकूमत से जंग दिखायी गयी है। फिल्म में राम चरन, एनटीआर और आलिया भट्ट ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं, जबकि अजय देवगन मेहमान भूमिका में थे। फिल्म राजामौली के पिता और दिग्गज स्क्रीन राइटर केवी विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी है। आरआरआर के हिंदी वर्जन ने ही 270 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन किया था।