बिहार में कांग्रेस के नए अध्‍यक्ष का नाम लगभग क्‍लीयर, बस ये टेस्‍ट पास करते ही होगी घोषणा

इस खबर को शेयर करें

पटना। बिहार कांग्रेस के नए अध्यक्ष का चयन जल्द होने जा रहा है। कई लोग दौड़ में हैं। विधायक राजेश कुमार अभी सबसे आगे चल रहे हैं। सबकुछ ठीक रहा तो उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी जा सकती है। हालांकि कांग्रेस में इस पद को लेकर असमंजस की जो स्थिति बनी हुई है, उसमें दावे के साथ कुछ नहीं कहा जा सकता है। अन्य दावेदार भी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।

मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा का कार्यकाल पूरा हो चुका है। वह पूरी तरह आलाकमान की मर्जी पर हैं। पद पर बने रहने पर हर्ष या हटाए जाने पर विषाद की स्थिति से मुक्त हैं। सो, नए अध्यक्ष की खोज चल रही है। राजेश कुमार के नाम का प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने दिया था। प्रस्ताव स्वीकार न करने पर वे नाराज भी हो गए थे। नई खबर यह आ रही है कि आलाकमान के स्तर से राजेश राम के नाम पर गंभीरता से विचार चल रहा है।

सूत्रों के मुताबिक राजेश कुमार को बताना है कि अध्यक्ष बनने की हालत में वे संगठन को किस तरह मजबूत करेंगे। विभिन्न सामाजिक समूहों और कांग्रेस के मूल वोटरों को जोडऩे की क्या रणनीति होगी। अन्य दलों के साथ गठबंधन पर भी उनकी राय मांगी गई है। राजेश अपना ब्लू प्रिंट कांग्रेस महासचिव केसी बेणुगोपाल को देंगे। उन्हें हिसाब जोड़ कर यह भी बताना है कि पार्टी के संचालन के लिए जरूरी खर्च कहां से आएगा। वोटर की तरह खर्च जुटाना भी कांग्रेस के लिए बड़ी समस्या है। बेणुगोपाल के संतुष्ट होने के बाद ही राजेश कुमार को अवसर दिया जाएगा।

राजेश कुमार औरंगाबाद जिला के कुटुम्बा के विधायक हैं। यह उनका दूसरा टर्म है। परिवार कांग्रेसी है। उनके पिता स्व. दिलकेश्वर राम कांग्रेस के बड़े नेताओं में से रहे हैं। बिहार में कांग्रेस नेतृत्व में गठित कई सरकारों में वे मंत्री थे।