यूपी उपचुनाव: रामपुर और आजमगढ़ में वोटिंग जारी, जाने ताजा अपडेट

UP by-elections: Voting continues in Rampur and Azamgarh, know the latest updates
UP by-elections: Voting continues in Rampur and Azamgarh, know the latest updates
इस खबर को शेयर करें

लखनऊ। आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा क्षेत्र में उप चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। रामपुर में छह और आजमगढ़ में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। सुबह 9 बजे तक आजमगढ़ में 9.21 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं रामपुर में 7.86 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। रामपुर में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी ने वोट डाला।

पुलिस पर सपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप
समाजवादी पार्टी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि रामपुर लोकसभा उपचुनाव में जारी मतदान को प्रभावित करने के मकसद से विधासभा स्वार के टांडा और दरयाल इलाकों में सत्ता पक्ष के इशारे पर पुलिस सपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रही है। चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की अपील की गई है। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

आजमगढ़ में VVPAT खराब होने से मतदान बाधित
वहीं, समाजवादी पार्टी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आजमगढ़ लोकसभा की गोपालपुर विधानसभा 344, के बूथ संख्या 410 में VVPAT खराब होने से मतदान बाधित हो गया, सपा ने चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की अपील की।

राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने ग्रामीणों को समझाकर कराया मतदान
सभी ग्रामीणों को समझाने के उपरांत मतदान करने के लिए राजी किया। राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने दोनों पीड़ितों को अपने साथ ले जाकर मतदान कराया। राज्य मंत्री ने सभी ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कराएंगे। राज्य मंत्री के आश्वासन पर सभी ग्रामीण शांत हो गए।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया मतदान का किया बहिष्कार
आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने दोनों दिव्यांग मतदाताओं को मारा पीटा। इसी बात को लेकर मतदाताओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मतदान का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी। उसके बाद सभी मतदाता दुर्गा मंदिर पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, एसडीएम मयंक गोस्वामी, सीओ अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए।

पुलिसकर्मियों ने लाठी डंडे फटकार कर भीड़ को तितर बितर किया
बिलासपुर क्षेत्र के ग्राम मानपुर ओझा स्थित सभी छह मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। ग्राम निवासी हरेंद्र विश्वास व साधना विश्वास मतदान केंद्र के समीप एक मेडिकल स्टोर पर बैठे थे। वहां कई और लोग भी थे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लाठी डंडे फटकार कर भीड़ को तितर बितर करना शुरू कर दिया।

रामपुर में दो दिव्यांग मतदाताओं से अभद्रता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों का हंगामा

रामपुर के बिलासपुर में लोकसभा उपचुनाव के लिए चल रहे मतदान के दौरान पुलिस पर दिव्यांग मतदाताओं से अभद्रता करने और लाठी फटकारने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया और मतदान का बहिष्कार कर दिया। सूचना पर राज्यमंत्री अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। दोनों दिव्यांग मतदाताओं को अपने साथ ले जाकर मतदान कराया।

रामपुर में सुबह 9 बजे तक 7.86 प्रतिशत मतदान
रामपुर लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव में सुबह 9 बजे तक 7.86 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदाताओं में दिखा उत्साह, सुबह नौ बजे तक 9.21 प्रतिशत हुआ मतदान
आजमगढ़ जिले में अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट के लिए सुबह सात बजे से मतदान जारी है। सुबह नौ बजे तक 9.21 प्रतिशत मतदान हुआ। विधानसभावार देखा जाए तो गोपालपुर के मतदाता सबसे जागरूक दिखे, वहां 10.1 मतदान प्रतिशत रहा। आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव 2022 को लेकर जिले में सुबह 7 बजे से ही मतदान करने के लिए महिला, बुजुर्ग, युवा सभी लोग घर से मतदान के लिए निकल गए। वोटिंग की शुरुआत में मतदाताओं में उत्साह कम दिखा। सुबह नौ बजे तक वोटिंग प्रतिशत मात्र 9.21 प्रतिशत रहा। गोपालपुर विधानसभा में सुबह नौ बजे तक 10.1 प्रतिशत, सगड़ी में 9.8, मुबारकपुर में 8.5, आजमगढ़ में 9.5 और मेहनगर में 8.3 प्रतिशत मतदान हुआ।

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने डाला वोट
रामपुर में लोकसभा उपचुनाव को लेकर मतदान जारी है। जिले के सभी 1123 मतदान केंद्रों के 2058 बूथों पर मतदान चल रहा है। आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद रामपुर में उपचुनाव हो रहा है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने दनियापुर बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास और सुशासन के लिए मतदान कर रही है। इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी ने भी मतदान किया। चुनाव मैदान में कुल 6 प्रत्याशी हैं।

सर्फुद्दीनपुर बूथ का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
आजमगढ़ में मतदान शुरू होते ही डीएम विशाल भारद्वाज और एसपी अनुराग आर्य बूथों का निरीक्षण करने निकल पड़े। सबसे पहले उनका काफिला सर्फुद्दीनपुर बूथ पर पहुंचा। इस दौरान डीएम और एसपी ने लोगों से निर्भिक होकर मतदान करने की अपील की। बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सर्फुद्दीनपुर बूथ पर बूथ कैप्चरिंग की शिकायत पर सपा और भाजपा प्रत्याशी के बीच मारपीट हो गई थी। जिसे देखते हुए इस बूथ को लेकर पुलिस प्रशासन काफी मुस्तैद नजर आ रहा है। इसलिए गुरुवारा को मतदान शुरू होते ही डीएम और एसपी ने सबसे पहले इसी बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों ने निर्भिक होकर मतदान करने अपील की। एसपी ने चुनाव के दौरान सुरक्षा की व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला।