UP Police SI Bharti : एक सेकंड में हल किया एक प्रश्न, तेज रफ्तार ने खोल दी पोल

UP Police SI Bharti: One question solved in a second, fast speed opened the poll
UP Police SI Bharti: One question solved in a second, fast speed opened the poll
इस खबर को शेयर करें

आगरा। UP Police SI Bharti : नवंबर 2021 में यूपी पुलिस दरोगा भर्ती ( UP SI Exam ) की ऑनलाइन परीक्षा हुई थी। चार अभ्यर्थियों की रफ्तार देख अधिकारी भी हैरान रह गए। मुश्किल से मुश्किल प्रश्न को हल करने में अभ्यर्थियों ने मात्र एक सेकेंड का समय लगाया। कंप्यूटर में ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम लगा हुआ था। जांच में चार अभ्यर्थी फंस गए। भर्ती बोर्ड के निर्देश पर शाहगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे में आगरा, गाजियाबाद और अलीगढ़ के केंद्र व्यवस्थापक भी नामजद हैं। उनकी गिरफ्तारी शेष है।

एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ऑनलाइन परीक्षा में असामान्य रूप से प्रश्नों को बहुत कम समय में हल करने का मामला सामने आया था। कुछ अभ्यर्थियों के नकल और कंप्यूटर डिवाइस का प्रयोग करने की आशंका थी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के सचिव अपर पुलिस अधीक्षक हफीजुरहमान ने मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम और 66 आईटी एक्ट में लिखा गया।

मुकदमे में ये किए गए नामजद
मुकदमे में अंकित हुडा, संदीप, लव कुमार शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, गाजियाबाद के आधुनिक इंजीनियरिंग कॉलेज के व्यवस्थापक गौरव शर्मा, आगरा के आरवी ऑनलाइन सेंटर के व्यवस्थापक दुष्यंत शर्मा और अलीगढ़ के द्रोणा इंटरनेशनल स्कूल के व्यवस्थापक धर्मेंद्र गुर्जर को नामजद किया। बुधवार को पुलिस ने अंकित, संदीप, लव कुमार शर्मा और वेद प्रकाश शर्मा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

जांच में यह हुआ खुलासा
– आरोपी वेद प्रकाश शर्मा ने द्रोणा इंटर कॉलेज, अलीगढ़ में तृतीय पाली में शाम चार से छह बजे के बीच परीक्षा दी थी। चार बजे परीक्षा शुरू हुई। आरोपित ने 4:01 से शुरू होकर 59 सेकंड में 18 प्रश्नों का जवाब दिया। प्रश्न सामान्य हिंदी के थे। इसके बाद 4:02 पर करीब 59 सेकंड में 45 प्रश्नों का उत्तर दिया। 40 प्रश्न सामान्य ज्ञान और 4 प्रश्न गणित के थे। 4:05 से शुरू होकर 59 सेकंड में 46 प्रश्नों के उत्तर दिए गए। 4:06 पर भी शुरू होकर 59 सेकंड में 60 प्रश्न हल किए गए। लगभग एक सेकंड में एक प्रश्न हल किया।

– आरोपी संदीप ने 22 नवंबर को आरबी ऑनलाइन सेंटर, अलीगढ़ में द्वितीय पाली में परीक्षा दी थी। 12:30 बजे परीक्षा प्रारंभ की। 12:49 बजे से शुरू होकर 59 सेकंड में 40 प्रश्नों का जवाब दिया। 12:50 बजे पर शुरू होकर तकरीबन 59 सेकंड में 39 प्रश्नों का उत्तर दिया।

– लव कुमार शर्मा ने 20 नवंबर 2021 को द्रोणा इंटर कॉलेज, अलीगढ़ में द्वितीय पाली में परीक्षा दी थी। 12:30 बजे परीक्षा शुरू करने के बाद 1:17 बजे से 59 सेकंड में 17 प्रश्नों का जवाब दिया। जो गणित के थे। उसके बाद 1:19 बजे पर करीब 59 सेकंड में 16 प्रश्नों का उत्तर दिया।

– अंकित हुड्डा ने 23 नवंबर 2021 को आधुनिक इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद में तृतीय पाली में परीक्षा दी थी। 4:00 बजे परीक्षा प्रारंभ की गई। 4:55 बजे से 59 सेकंड में 18 प्रश्नों का जवाब दिया।

ये भेजे गए हैं जेल
अंकित हुडा (भारत कॉलोनी, रोहतक, हरियाणा), संदीप (गांव भड़ाना, बुलंदशहर), लव कुमार शर्मा (कालूपुरा, गौतम बुद्धनगर) व वेद प्रकाश शर्मा ( मोहल्ला लक्ष्मी बाई नगर, गौतम बुधनगर)।