बिहार में जोरदार उठक-पठक, नीतीश-तेजस्वी की शपथ, भाजपाईयों ने शुरु किया धरना, देखें मंत्रियों की सूची

Violent ups and downs in Bihar, Nitish-Tejashwi's oath, BJP started picketing, see list of ministers
Violent ups and downs in Bihar, Nitish-Tejashwi's oath, BJP started picketing, see list of ministers
इस खबर को शेयर करें

पटना। बिहार में महागठबंधन की सरकार के शपथ ग्रहण के ठीक पहले पॉलिटिकल ड्रामा जारी है। सरकार से बाहर होने के बाद भाजपा नीतीश कुमार पर हमलावर हो गई है। भाजपा नेता पार्टी मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। इन्होंने नीतीश कुमार पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया है।

इस बीच, महागठबंधन भाजपा के स्पीकर विजय कुमार सिन्हा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लोर टेस्ट के समय ही नए स्पीकर के लिए भी चुनाव होगा। महागठबंधन की ओर से स्पीकर की कुर्सी RJD को मिल सकती है। हालांकि, कांग्रेस ने भी स्पीकर की कुर्सी पर दावा किया है।

नीतीश का शपथ दोपहर 2 बजे
नीतीश कुमार दोपहर 2 बजे 8वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ तेजस्वी यादव भी डिप्टी CM बनेंगे। राजद-कांग्रेस समेत 7 पार्टियों ने महागठबंधन की सरकार को समर्थन किया है।

सेंधमारी में अव्वल BJP नीतीश से मात खा गई है। पिछले 6 साल में भाजपा ने 4 राज्यों में सरकारें गिराईं, लेकिन बिहार में दूसरी बार अपनी ही सरकार गंवा बैठी।
सियासी उठापटक के बड़े अपडेट्स…

धरने पर बैठे भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश कुमार ने अच्छा सिला दिया हम लोगों के प्यार का। सिर्फ भाजपा नहीं, जनता से भी ये धोखा है।

पूर्व CM जीतन राम मांझी ने अपनी पार्टी के लिए 2 मंत्री पद की मांग की है। उन्होंने कहा कि मैंने नीतीश कुमार को बिना शर्त समर्थन दिया है। पार्टी को कम से कम 2 मंत्री पद मिलने चाहिए।

नीतीश कुमार के अणे मार्ग स्थित सरकारी आवास पर बैठक चल रही है। इसमें तेजस्वी यादव के साथ मंत्रियों के पोर्टफोलियो को लेकर चर्चा हो रही है। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष को लेकर भी मंथन हो रहा है। बैठक में JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, विजय चौधरी और श्रवण कुमार भी मौजूद हैं।

सूत्रों के मुताबिक तय फॉर्मूले में RJD को 16 मंत्री पद मिले हैं, जबकि JDU के खाते में 13 और कांग्रेस के 4 विधायक मंत्री बन सकेंगे। 12 विधायकों वाली CPI(ML) ने सरकार में शामिल होने पर अभी कोई फैसला नहीं किया है।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद पुरानी कैबिनेट को भंग कर दिया गया है। मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने राज्यपाल के आदेश से अधिसूचना जारी की है। नीतीश कैबिनेट में कुल 29 मंत्री थे।

नई कैबिनेट में संभावित मंत्रियों की सूची

1. RJD कोटे से- तेजप्रताप यादव, आलोक कुमार मेहता, अनिता देवी, जितेन्द्र कुमार राय, चन्द्रशेखर, कुमार सर्वजीत, बच्चा पांडेय, भारत भूषण मंडल, अनिल सहनी, शाहनवाज, अख्तरुल इस्लाम शाहीन,समीर महासेठ, भाई वीरेन्द्र, ललित यादव, कार्तिक सिंह, वीणा सिंह, रणविजय साहू, सुरेन्द्र राम

2. JDU कोटे से- विजय कुमार चौधरी, विजेन्द्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, उपेन्द्र कुशवाहा, शीला कुमारी, श्रवण कुमार, मदन सहनी, संजय कुमार झा, लेशी सिंह, सुनील कुमार, जयंत राज, जमां खान

3. कांग्रेस कोटे से- मदन मोहन झा, अजीत शर्मा, शकील अहमद खान, राजेश कुमार

4. हम (से) कोटे से- संतोष कुमार सुमन

जिसके जितने MLA, उसे सरकार में उतना हिस्सा: 21 विभाग RJD, 12 JDU, 5 कांग्रेस को मिल सकते हैं
बड़े बयान…

जयराम रमेश, कांग्रेस महासचिव- बिहार में जो हुआ वो ऑपरेशन लोटस से कितना अलग है। न कैश पकड़ा गया, न ED की छापेमारी हुई। न असम के CM की जरूरत पड़ी, न रिजॉर्ट की। महाराष्ट्र में BJP ने दलबदल किया, बिहार में उसे बेदखल कर दिया गया।

गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री- बिहार के CM नीतीश कुमार PM बनने की चाहत रख रहे थे। एनडीए गठबंधन में वह पद उन्हें नहीं मिलता है। जिसको देखते हुए संसदीय चुनाव से पहले ही नीतिश कुमार RJD का हाथ थाम लिया। PM बनने की चाहत में CM ने गठबंधन को धोखा दिया है।

सरकार बनाने के लिए दिल्ली से एक्टिव रहे लालू
पटना में बेटे तेजस्वी राजनीति की बिसात पर लगातार शह-मात का खेल खेलते रहे और दिल्ली में सांसद बेटी मीसा भारती के आवास पर दिन भर टीवी पर जमे राजद अध्यक्ष लालू यादव मौके दर मौके बेटे को गाइड करते रहे। वहां लालू यादव से मिलने वाले मुलाकात करने के लिए पहुंचते रहे। राजद सांसद प्रेमचंद्र गुप्ता पहुंचे और दोनों ने बिहार की राजनीतिक स्थिति पर देर तक बातचीत भी की।