हरियाणा में एक बार फिर बदला मौसम, बरसेंगे मेघ, गिरेंगे ओले, तापमान में गिरावट से मिलेगी राहत

Weather changed once again in Haryana, clouds will rain, hail will fall, relief will come from drop in temperature
Weather changed once again in Haryana, clouds will rain, hail will fall, relief will come from drop in temperature
इस खबर को शेयर करें

हिसार : हरियाणा में मौसम 3 मार्च तक परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 28 फरवरी से मौसम में बदलाव होने की संभावना बताई गई थी। इन दिनों मौसम में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा और साथ ही तापमान में उछाल और गिरावट भी दर्ज हो रही है। उत्तरी हरियाणा में मंगलवार से मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवातीय सर्कुलेशन बनने से 28 फरवरी से 2 मार्च के दौरान पंजाब, उत्तरी राजस्थान और पंजाब से लगते हरियाणा के हिस्सों में हल्की बारिश, तेज गति से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ 1-2 स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियों की संभावना बन रही है।

हरियाणा का 0.25 प्रतिशत भाग मौसम में बदलाव से होगा प्रभावित
वहीं शेष हरियाणा में इस दौरान बादलवाही देखने को मिलेगी और सीमित स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी/बारिश की संभावना बन रही है। हिसार में 1 व 2 मार्च को आंशिक बादलवाई तथा कहीं-कहीं हवाओं के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है। हरियाणा केवल 0.25 प्रतिशत भाग इस मौसमी प्रणाली द्वारा प्रभावित होगा।

तापमान में गिरावट से किसानों को होगा फायदा
वहीं तापमान में बढ़ोतरी से किसानों की मुश्किलें बढ़ी हैं। वर्तमान में हरियाणा के कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। समय से पहले सरसों, गेहूं की फसल पक रही हैं, जिससे पैदावार प्रभावित हो रही है। तापमान कंट्रोल रहेगा तो किसानों को थोड़ा फायदा होगा।

हरियाणा में न्यूनतम तापमान 2.0 से 6.0 डिग्री सेल्सियस अधिक
हरियाणा में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। प्रदेश में 10.0 से 15.0 डिग्री सेल्सियस रात्रि तापमान दर्ज किया गया है, जो अधिकतर स्थानों पर सामान्य से 2.0 से 6.0 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा दर्ज आंकड़ों के अनुसार नारनौल में सर्वाधिक रात्रि तापमान 15.0, जबकि सबसे कम अम्बाला का 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार का रात्रि तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट, गुरुग्राम का 31 डिग्री सेल्सियस
वहीं अधिकतर स्थानों पर सुबह से दोपहर तक आंशिक बादलवाही की वजह से अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट 27.0 से 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। चंडीगढ़ में 31.2, हिसार का 30.0, नारनौल का 30.6, गुरुग्राम का 31.0, बालसमंद का 30.0, महेंद्रगढ़ का 30.5, मंडकौला का तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

3 मार्च तक परिवर्तनशील रहेगा प्रदेश का मौसम
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि इस सिस्टम का असर 2 मार्च तक रहेगा। इस दौरान मौसम प्रणाली द्वारा उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी मात्रा में हिमपात होने की संभावना बन रही है। साथ ही साथ सम्पूर्ण गढ़ इलाके पर आंशिक बादलवाही भी देखने को मिलेगी। इस दौरान संपूर्ण इलाके में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। 2 मार्च के बाद एक बार फिर से विंड पैटर्न में बदलाव होने से उत्तरी मैदानी राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी और सुबह के दौरान अगर हवाएं शांत रही तो एक बार फिर से कोहरा छाया रहने की संभावनाएं बन रही है।