फिर बदलने वाला है मौसम का मिजाज, IMD ने 4 दिन के लिए जारी किया अलर्ट

इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली । आकाश में बादल छाए रहने व दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश होने के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य रहा। इससे गर्मी से राहत रही। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को भी आकाश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में गरज वाले बादल भी सकते हैं, लेकिन तापमान बढ़ने की संभावना है। वहीं, सोमवार से मौसम का मिजाज बदलेगा और लू का दौर फिर से लौट आएगा, इसके बाद लगातार 4 लू चलेगी। इसके चलते मौसम विभाग ने सोमवार से बृहस्पतिवार तक यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बादल छाए रहने की संभावना के बीच शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

वहीं, रविवार से साफ होगा। इसके बाद सोमवार से लू चलेगी। मौसम विभाग ने सोमवार से बृहस्पतिवार के बीच लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य है। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। नजफगढ़ में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहां न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सफदरजंग, लोधी रोड, रिज एरिया, पीतमपुरा सहित दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। लोधी रोड में सबसे अधिक एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिल्ली एनसीआर में फिर प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। इस वजह से दिल्ली एनसीआर में हवा की गुणवत्ता कहीं खराब तो कहीं बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई। गुरुग्राम शुक्रवार को देश में सबसे प्रदूषित शहर रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी देश के 149 शहरों की वायु गुणवत्ता रिपोर्ट के अनुसार गुरुग्राम में एयर इंडेक्स 334 दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक है। गुरुग्राम में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही। फरीदाबाद में ही वहा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही। दिल्ली का एयर इंडेक्स खराब श्रेणी में 273 दर्ज किया गया। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 146 था। सफर इंडिया के अनुसार वातावरण में धूल के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। अगले तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में ही रहने की संभावना है।

दिल्ली एनसीआर में एयर इंडेक्स
गुरुग्राम- 334
फरीदाबाद- 320
दिल्ली- 273
नोएडा- 261
गाजियाबाद- 240
ग्रेटर नोएडा- 232