छत्तीसगढ़ में मौसम का तांडव: जला रही सूरज की किरणें, पारा 46 से ऊपर

इस खबर को शेयर करें

रायपुर । सूरज की किरणें झुलसा रहीं है। सूर्य देवता की तपिश से लगातार तापमान बढ़ रहा है और प्रदेश के कई जिले लू की चपेट में हैं। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया है। महासमुंद में पारा 46 डिग्री से ऊपर रहा। प्रदेश के सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के एक दो पैकेट में लू (heat wave) चलने अथवा लू जैसी स्थिति निर्मित होने की संभावना है। रविवार को भी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका मध्य छत्तीसगढ़ से लक्षद्वीप तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश के मध्य और उत्तर भाग में उत्तर से गर्म और शुष्क हवा का आना लगातार जारी है, जबकि दक्षिण भाग में अपेक्षाकृत ठंडी और नमीयुक्त हवा का आगमन लगातार जारी है। प्रदेश में 1 मई को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में रविवार को अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में शनिवार को जहां-जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक है, वहां ग्रीष्म लहर की स्थिति है। इन स्थानों में रविवार को भी ग्रीष्म लहर या ग्रीष्म लहर जैसे स्थिति बने रहने की संभावना है।

मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी को देखते हुए शासन ने नगरीय निकायों व स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी किए हैं। भीषण गर्मी की वजह से सड़कें सूनी हो जा रही है। अप्रैल माह में इस बार गर्मी का नया रिकार्ड बना है। मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप ज्यादा है, जिसके कारण लोग हलाकान हो रहे हैं। मैदानी इलाकों की अपेक्षा वनांचल और पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान थोड़ा कम है। शनिवार को महासमुंद 46.9, रायपुर में 44.7 डिग्री, मुंगेली में 45.9, बिलासपुर में 45.7 डिग्री, बलौदाबाजार 45.8, दुर्ग में 43 डिग्री, राजनांदगांव में 42.6, अंबिकापुर में 42.3 डिग्री, पेंड्रा रोड में 42.6 डिग्री, जगदलपुर में 39.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।