दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां राजस्थान के एक युवक का ऑनलाइन प्यार उसकी जिंदगी के लिए खतरा बन गया. राजस्थान के दोसा का रहने वाला दिलखुश योगी एक युवती से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए दोस्ती के बाद प्यार में पड़ गया. दोनों के बीच महीनों तक ऑनलाइन बातचीत होती रही और यह रिश्ता गहराता गया. दिलखुश ने इस ऑनलाइन प्यार को हकीकत में बदलने का फैसला किया और अपनी प्रेमिका से मिलने का मन बनाया. प्रेमिका ने मिलने का वादा किया, जिससे उत्साहित होकर दिलखुश ने राजस्थान से दमोह तक 700 किलोमीटर का लंबा सफर तय किया.
प्रेमिका का इंकार और टूटा दिल
दमोह पहुंचने के बाद दिलखुश को उसकी प्रेमिका ने निराश किया. युवती ने उससे मिलने से साफ इंकार कर दिया. वह अपने घर पर नहीं थी, बल्कि बांदकपुर चौकी के हलगज गांव में अपने रिश्तेदार के घर रह रही थी. प्यार में पागल दिलखुश उस गांव तक पहुंच गया, लेकिन प्रेमिका तब भी नहीं मिली. बार-बार इंकार ने दिलखुश को हताश कर दिया, और उसने एक खतरनाक कदम उठाया, जो जानलेवा साबित हो सकता था.
हाईटेंशन टावर पर चढ़ा आशिक
निराश और आहत दिलखुश ने गांव में लगे बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़कर अपनी जान जोखिम में डाल दी. वह शोले फिल्म के धरमेंद्र की तरह चिल्लाने लगा, जिससे गांव वालों का ध्यान उसकी ओर गया. लोगों ने उसे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह टावर से कूदने की धमकी देने लगा. आखिरकार, ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद दिलखुश को सुरक्षित नीचे उतारा और उसे हिरासत में ले लिया.
पुलिस कार्रवाई और परिजनों का इंतजार
हिरासत में लेने के बाद भी प्रेमिका दिलखुश से मिलने नहीं आई. हिंडोरिया थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और वे राजस्थान से दमोह आ रहे हैं. परिजनों के आने के बाद दिलखुश को उनके हवाले कर दिया जाएगा. इस घटना ने ऑनलाइन रिश्तों की जटिलताओं और भावनात्मक जोखिमों को उजागर किया है.