छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा, प्राइवेट पावर प्लांट में गिरी लिफ्ट, 4 की मौत

रायपुर: छत्तीसगढ़ में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया है। शक्ति जिले में एक प्राइवेट पावर प्लांट में लिफ्ट गिर गई। हादसे में 4 की मौत हो गई। वहीं 6 घायल गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि उच्चपिंडा गांव के दभरा इलाके में आरकेएम पावरजेन प्राइवेट लिमिटेड के संयंत्र में हादसा हुआ है। मामले में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि देखा जाएगा कि फैक्ट्री में सभी पर्याप्त संसाधन हैं या नहीं।

उतर रहे थे 10 कर्मचारी
शक्ति जिले की एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि जब 10 कर्मचारी अपनी शिफ्ट खत्म करके नीचे उतर रहे थे, तभी लिफ्ट अचानक गिर गई। हादसे के बाद घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान 4 की मौत हो गई। बताया कि 6 अन्य का इलाज चल रहा है।

स्टील प्लांट में हुआ था बड़ा हादसा
हाल ही में छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक स्टील प्लांट में हादसा हुआ था। उसमें 5 लोगों की मौत हुई थी। घटना सिलतरा क्षेत्र में मौजूद गोदावरी इस्पात लिमिटेड स्टील प्लांट में हुई थी। फैक्ट्री में निर्माण हो रहा था। ढांचा गिरने के बाद उसमें दबकर 5 लोगों की मौत हुई। बताया गया कि फैक्ट्री के अंदर भारी मशीन का एक टुकड़ा गिर गया था। इसकी चपेट में कई मजदूर आ गए थे।