मुजफ्फरनगर में अवैध पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में अवैध पटाखों के उत्पादन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, कोतवाली नगर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने हनुमान चौक स्थित एक मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान निहालचंद (58) के रूप में हुई है। जो हनुमान चौक, मकान नंबर 117 का निवासी है। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हनुमान चौक स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखे जमा किए गए हैं और उन्हें बेचने की तैयारी चल रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 76 डिब्बे मिनी बुलेट सुंदर फायर, 555 टाइम बम, क्लासिक धमाका, एंकर लाम्बा, राजन बिजली बम सहित विभिन्न प्रकार के रॉकेट, फुलझड़ी, फिरकी और चकरी के सैकड़ों डिब्बे बरामद किए। बरामदगी में राजन दो राउंड रॉकेट, मिनी लुईनक रॉकेट, रॉकेट फ्लैश, क्वीन रॉकेट बोम्ब, मार्शल कुंगफू, रामिय ड्रोन, रोनक फुलझड़ी, श्री कृष्णा फुलझड़ी, सुप्रीम डीलक्स फिरकी, राजन ग्राउंड चकरी, ग्राउंड चक्कर अशोक, राजन फ्लावर पोटस और डीलक्स फ्लावर पोटस जैसे कई ब्रांड शामिल हैं।