गैंगस्टर रूबी के हत्यारे पति ने मुजफ्फरनगर कोर्ट में कर दिया सरेंडर

गाजियाबाद: गाज‍ियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में दो दिन पहले अपनी गैंगस्टर पत्नी रूबी को मौत के घाट उतारने वाले उसके गैंगस्टर पति विकास ने गाजियाबाद पुलिस को मात दे दी। एनकाउंटर के डर से उसने एक पुराने मामले में मुजफ्फरनगर कोर्ट में सरेंडर कर दिया और गाजियाबाद पुलिस उसे तलाशते रह गई। पुलिस अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने की बात कह रही है।

मंगलवार सुबह घरेलू विवाद में गैंगस्टर विकास सहलावत ने अपनी छोटी बेटी नव्या के सामने ही गैंगस्टर पत्नी रूबी की घर में सुबह सुबह गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद फरार हो गया था। दोनों में काफी समय से विवाद चल रहा था और पिछले डेढ़ दो महीने से दोनों साथ भी नहीं रह रहे थे। फरार होने के दौरान वह सोसायटी के सीसीटीवी में भी कैद हो गया था। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी थीं।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक फरारी के बाद विकास एक रात मोदीनगर रुका था। उसके बाद वह मुजफ्फरनगर भाग गया। उसने पुलिस की ट्रैकिंग से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन भी फेंक दिया था। इधर गाजियाबाद पुलिस उसकी तलाश में दबिशें दे रही थी। लेकिन उसने अपने शातिर दिमाग से गाजियाबाद पुलिस को एक बार फिर चकमा दे दिया और मुजफ्फरनगर कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

नंदग्राम थाना पुलिस और जिले की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थी, पर एक साल पहले ही जेल से छूटा ये गैंगस्टर सबको चकमा दे गया। विकास पर हत्या, साजिश रचने और जानलेवा हमले जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अपराध की दुनिया में उसकी पहचान एक गैंगस्टर की है जो हर बार पुलिस की पकड़ से फिसल जाता है और इस बार भी उसने वही कर दिखाया। पुलिस न तो उसके पैतृक गांव मच्छरी (मेरठ) तक पहुंच पाई और ना ससुराल तिबड़ा (मोदीनगर) से कोई सुराग जुटा सकी। सूत्रों के मुताबिक इस सरेंडर की पूरी स्क्रिप्ट उसके रिश्तेदारों की मदद से पहले ही लिखी जा चुकी थी।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि गैंगस्टर विकास ने सड़क हादसे के एक पुराने मामले में मुजफ्फरनगर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। गाजियाबाद पुलिस अब उसकी डिमांड लेने के लिए कोर्ट में अपील करेगी ताकि पूरी साजिश और मददगारों की भूमिका सामने लाई जा सके।