आतिशबाजी और पटाखों से बढ़ा प्रदूषण, 18 शहरों में AQI लेवल खराब

Jaipur News: दिवाली की रौशनी और उत्सव के बीच अब राजस्थान की हवा में ज़हर घुल गया है. पटाखों और आतिशबाजी के कारण राज्यभर में प्रदूषण का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है.

राजधानी जयपुर की हवा सबसे अधिक प्रभावित रही, जहां चार मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 के पार पहुंच गया. जयपुर में नाहरगढ़ की पहाड़ियां धुंध से ढकी नजर आईं. सीतापुरा में AQI 265, शास्त्री नगर में 268, आदर्श नगर में 243 और पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में 245 तक दर्ज किया गया. वहीं मुरलीपुरा में 175 और मानसरोवर में AQI 191 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है.

सिर्फ जयपुर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान की हवा दिवाली के बाद ज़हरीली हो गई है. राज्य के 18 शहरों में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच चुकी है. सबसे ज़्यादा प्रदूषण भिवाड़ी में दर्ज किया गया, जहां AQI 306 तक पहुंच गया और इसे ‘रेड अलर्ट’ घोषित किया गया है. भिवाड़ी के बाद धौलपुर (266), सीकर (241), झुंझुनू (239), श्रीगंगानगर (236), हनुमानगढ़ (229), टोंक (229), बीकानेर (222), कोटा (222), जालोर (221), जयपुर (219), भीलवाड़ा (214), चूरू (215), करौली (215), पाली (205), दौसा (205), अजमेर (206) और उदयपुर (210) जैसे शहरों में भी हवा की गुणवत्ता बिगड़ी हुई है.

विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है, क्योंकि ठंडी हवाओं और धूल के कारण हवा में मौजूद कण नीचे जम रहे हैं. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि सुबह के समय घर से निकलने से बचें और बाहर जाते समय मास्क का इस्तेमाल करें.

कुल मिलाकर, दिवाली के बाद राजस्थान की हवा में ज़हर फैल चुका है. जयपुर से लेकर भिवाड़ी तक लगभग सभी प्रमुख शहरों में सांस लेना मुश्किल हो गया है. अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो आने वाले दिनों में स्वास्थ्य पर इसका गंभीर असर देखने को मिल सकता है.