पटाखा बाजार में टूटा रिकॉर्ड! दाम बढ़ने के बावजूद छत्तीसगढ़ में 400 करोड़ से ज्यादा का कारोबार, रायपुर में 50 करोड़ की बिक्री

Chhattisgarh News-दीपावली के मौके पर छत्तीसगढ़ में जमकर आतिशबाजी हुई. लोगों ने इस खास त्योहार पर जमकर पटाखे जलाए. दीपावली के मौके पर राजधानी रायपुर के पटाखा बाजार देर रात तक खुले रहे. लोग रात 11 बजे के बाद भी पटाखा खरीदने दुकानों में नजर आए. कारोबारियों का कहना है कि इस बार करीब 50 करोड़ से ज्यादा के पटाखे रायपुर में ही बिके हैं. अन्य शहरों में भी लोगों ने खूब पटाखे खरीदे. पूरे छत्तीसगढ़ में यह कारोबार 400 से 500 करोड़ रुपए तक होने का अनुमान है.

दाम बढ़ने के बाद भी लगी भीड़
इस साल पटाखों की कीमत में 10 से 20 फीसदी तक इजाफा हुआ था, लेकिन ग्राहकों के उत्साह में किसी प्रकार की कमी नहीं आई. कारोबारियों का कहना है कि पिछले साल 90 में मिलने वाला अनार इस बार 100 का हो गया. वहीं 200 रुपए का बम का पैकेट 230 में बिक रहा है. पटाखों की कीमतों में उछाल के बाद भी खरीददारों की भारी भीड़ दुकानों पर उमड़ी.

200 से अधिक लाइसेंस वाली दुकानें
राजधानी रायपुर में 200 से ज्यादा लाइसेंसधारी पटाखा दुकानें हैं. कारोबारियों का कहना है कि स्काई शॉट्स की अच्छी खासी डिमांड रही है. ​बाजार में छोटे से लेकर बड़े सभी तरह के पटाखों की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन बिक्री में गिरावट नहीं हुई बल्कि उछाल ही आया है. इस बात का अंदाजा इस तरह से लगाया जा सकता है कि शहर की बड़ी दुकानों में दीपावली पर 50 से एक करोड़ रुपए तक का कारोबार हो गया है.

छोटे दुकानदारों को भी हुआ फायदा
वहीं शहर की छोटी दुकानों ने भी आसानी से दस से बीस लाख रुपए का व्यापार किया है. पटाखों की बिक्री केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है. यह कारोबार गांवों और कस्बों तक फैला हुआ है. लाइसेंसधारी दुकानों के अलावा राजधानी रायपुर और प्रदेश के अन्य शहरों में कई लोग बिना लाइसेंस के ठेलों पर और थोक में अवैध तरीके से भी पटाखों की बिक्री की है. इन छोटे कारोबारियों ने भी 50 हजार तक मुनाफा आसानी से कमाया है.