Bihar Weather: बिहार में 3 दिन कहर बरपाएगा चक्रवात Montha, इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

पटना: Bihar Weather Cyclone Montha: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात मोंथा के असर से बिहार में मौसम बिगड़ने के आसार जताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने तीन दिन राज्य के विभिन्न जिलों में आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने के साथ ही कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका जताई है। बुधवार, 29 अक्टूबर से शुक्रवार 31 अक्टूबर को विभिन्न जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान झारखंड, पश्चिम बंगाल और नेपाल से सटे बिहार के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की चेतावनी है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को पूरे बिहार में आंधी और बिजली का येलो अलर्ट है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही, गयाजी, नवादा, रोहतास, कैमूर, शेखपुरा और बांका जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट, पटना में भी भारी बारिश
गुरुवार को 6 जिलों में ऑरेंज और अन्य सभी जगहों पर येलो अलर्ट है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, शेखपुरा, जमुई और बांका जिले में कुछ जगहों पर अति भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, पटना, भोजपुर, कैमूर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गयाजी, नालंदा, मुंगेर और भागलपुर जिले में भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान पूरे राज्य में ठनका गिरने का खतरा बना रहेगा।

31 अक्टूबर को उत्तर बिहार में ऑरेंज अलर्ट
शुक्रवार को नेपाल से सटे उत्तर बिहार के 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल और अररिया जिले में अति भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट है। 31 अक्टूबर को मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में भी कहीं-कहीं भारी बरसात हो सकती है। साथ ही राज्य भर में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।