प्रचार में पहुंचे जीतनराम मांझी के विधायक पर हमला, मारपीट-फायरिंग; रुपये भी छीने

गयाजी: बिहार के गयाजी जिले में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के विधायक अनिल कुमार पर बुधवार शाम जानलेवा हमला हो गया। टिकारी से हम विधायक और प्रत्याशी अनिल कुमार पर दिघौरा में कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इससे उनके हाथ, पीठ और पैर पर चोट आई है। बताया जा रहा है कि भीड़ ने उनके काफिले पर फायरिंग भी की। इसके जवाब में गार्ड ने भी गोली चलाई। विधायक के ड्राइवर समेत कई समर्थक घायल हुए हैं। विधायक अनिल कुमार से मोबाइल फोन, सोने की चेन और रुपये भी छिन लिए गए।

इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हम विधायक अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे, तभी भीड़ ने उनपर हमला किया। सूचना मिलने पर स्थानीय डीएसपी और सीआरपीएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। हमलावरों के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है।

मेरी हत्या करना चाहते थे- अनिल कुमार विधायक ने हमले के बारे में बताते हुए कहा कि वह दिघौरा गांव के मांझी टोला में वोट मांगने जा रहे थे। तभी यादव समाज के लोगों ने उन्हें रोक दिया और गाड़ी से उतरने को कहा। जब गार्ड ने मना किया, तो भीड़ ने उनपर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। सिक्योरिटी गार्ड विधायक अनिल कुमार को बचाने के लिए गाड़ी से उतारकर दौड़ाने लगे। तभी कुछ ईंट-पत्थर उन्हें लगे।

अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि 5-7 राउंड फायरिंग भी की गई। यह हमला उनकी हत्या करने के मकसद से साजिश के तहत किया गया। उन्होंने विपक्षी दलों के समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया और कहा कि ये लोग फिर से अपराधियों का राज लाना चाहते हैं। ये भी पढ़ें:LJP प्रत्याशी की गाड़ी पर हमले के बाद भड़के चिराग पासवान, राजद को खूब सुनाया

पूर्व सांसद अरुण कुमार के भाई हैं अनिल अनिल कुमार टिकारी विधानसभा सीट से हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के मौजूदा विधायक हैं। जीतनराम मांझी की पार्टी ने उन्हें दोबारा इस सीट से प्रत्याशी बनाया है। वे 2010 में भी यहां से जेडीयू के विधायक बने थे। वे जेडीयू के जहानाबाद से पूर्व सांसद अरुण कुमार के भाई हैं। अनिल के भतीजे रोमित कुमार भी अतरी विधानसभा सीट से हम के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।