हरियाणा में शीतलहर का अलर्ट, इन जिलों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

चंडीगढ़: हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं ने सर्दी का असर बढ़ा दिया है. भारत विभाग की मानें तो राज्य में अगले दो दिनों तक शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. खासकर राजस्थान से सटे 7 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी जिला शामिल है. यहां तेजी से तापमान गिर रहा है.

तापमान में हो रही गिरावट: पिछले 24 घंटों में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. सुबह और शाम के समय घनी धुंध भी लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही है. हरियाणा के हिसार, गुरुग्राम, करनाल, सोनीपत, महेंद्रगढ़, नारनौल और सिरसा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है.

13 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क: मौसम वैज्ञानिकडॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 13 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है.इस दौरान उत्तर व उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी. हवा चलने से दिन का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रातें ठंडी बनी रहेंगी. कुछ इलाकों में हल्के बादल भी छा सकते हैं.

बच्चे और बुजुर्गों को सलाह: ऐसे में लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी गई है. साथ ही बुजुर्गों और बच्चों के लिए ये मौसम सेहत पर खराब असर करने वाला है. ऐसे में उन्हें ठंड से बचाव करने की जरूरत है.