जोधपुर. मंगलवार रात करीब 8 बजे जोधपुर शहर के विभिन्न इलाकों में अचानक हुई जोरदार धमाके की आवाज और उससे पैदा हुए कंपन ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी. मंडोर, लाल सागर, सुरपुरा, पाल रोड, शास्त्री नगर और आस-पास के मोहल्लों में रहने वाले लोग अचानक घरों से बाहर निकल आए. तेज ध्वनि सुनते ही कई लोगों को लगा कि कहीं कोई बड़ा विस्फोट हो गया है, जबकि कुछ को भूकंप का आभास हुआ. देखते ही देखते सोशल मीडिया पर मैसेज और कॉल्स की बाढ़ आ गई, और पूरे शहर में दहशत का माहौल फैल गया. लोग एक-दूसरे से पूछताछ कर रहे थे कि आखिर क्या हुआ? क्या कोई आतंकी हमला तो नहीं? या फिर कोई प्राकृतिक आपदा?
जोधपुर में फाइटर जेट के सुपरसोनिक स्पीड ने फैलाई दहशत
यह घटना उस समय हुई जब देश की राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुए विस्फोटक घटनाओं की खबरें दिन भर टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर छाई हुई थी. दिल्ली में धमाकों की खबरें सुनकर पहले से ही चिंतित जोधपुरवासियों के मन में भय की लहर दौड़ गई. कई परिवारों ने बच्चों को घर के अंदर बंद कर लिया, जबकि बुजुर्ग और महिलाएं डर के मारे प्रार्थना करने लगे. सड़कों पर लोग इकट्ठा होकर चर्चा कर रहे थे, और कुछ ने तो पुलिस को फोन करके तुरंत मदद मांगी. मंडोर थाने, कंट्रोल रूम और अन्य पुलिस स्टेशनों में फोन की लाइनें जाम हो गई. लोग पूरी तरह से घबरा गए थे.
दिल्ली धमाके के बाद जोधपुर अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ी निगरानी
पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं. जोधपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और संदिग्ध स्थलों की तलाशी शुरू कर दी. बॉम्ब स्क्वॉड की टीमें अलर्ट पर थीं, और ड्रोन से इलाके की निगरानी की जा रही थी. शहर के अस्पतालों में भी इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया, ताकि किसी अप्रिय घटना में तुरंत कार्रवाई हो सके. लेकिन जांच के दौरान कहीं कोई विस्फोटक सामग्री, मलबा या क्षति के निशान नहीं मिले. यह रहस्य बढ़ता जा रहा था कि आखिर धमाके की आवाज कहां से आई? थोड़ी देर बाद स्थिति स्पष्ट हो गई. भारतीय वायुसेना की आधिकारिक एक्स आईडी से पोस्ट किया गया कि यह कोई विस्फोट या भूकंप नहीं, बल्कि फाइटर जेट की रूटीन उड़ान के दौरान उत्पन्न सोनिक बूम था.