सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमत में भी आई बड़ी गिरावट-जानें क्या हुआ भाव

सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई है। शुक्रवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतें लगभग 5000 रुपये प्रति 10 ग्राम गिरकर 1,21,895 रुपये के दिन के निचले स्तर पर आ गईं। यह अब तक की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावटों में से एक है। इसी तरह, चांदी की कीमतों में 8700 रुपये प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट देखी गई और यह दिन के निचले स्तर 1,53,729 रुपये पर पहुंच गई।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा क फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती को लेकर अनिश्चितता बढ़ने से सप्ताह के अंत में सोने की कीमतों में नरमी आई। उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर से अमेरिका में ‘शटडाउन’ के कारण सरकारी एजेंसियों पर असर पड़ने के कारण नए आर्थिक आंकड़ों की कमी की वजह से फेडरल रिजर्व के और अधिकारी सतर्क हो गए हैं। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतीन त्रिवेदी ने कहा- फेडरल रिजर्व के सदस्यों की टिप्पणियों के कारण सोने की कीमतें कमजोर रहीं, क्योंकि नए आर्थिक आंकड़ों की कमी से ब्याज दरों में और कटौती में देरी हो सकती है। इससे सर्राफा बाजार में धारणा कमजोर हुई। डॉलर सूचकांक मजबूत हुआ, जिससे सोने पर अतिरिक्त दबाव पड़ा।

बेचने की सलाह
बता दें कि सोना और चांदी, दोनों ही 2025 में अब तक अपने शीर्ष स्तर पर हैं और सबसे अच्छा एसेट क्लास साबित हो रहे हैं। या वेल्थ ग्लोबल रिसर्च के डायरेक्टर अनुज गुप्ता ने बताया कि घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में 60% यानी 45,700 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, चांदी की कीमतों में साल-दर-साल आधार पर 78% यानी 67,700 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। नवंबर में सोने की कीमतों में 1% यानी 1262 रुपये की बढ़ोतरी हुई है जबकि चांदी की कीमतों में 4.6% यानी 6,845 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

अनुज गुप्ता ने सोने को बेचने की सिफारिश की है। सोना 1,27,000 रुपये पर बेचने की सलाह दी गई है। इसके लिए 1,31,000 रुपये का स्टॉप लॉस लगाने को कहा गया है। इसके लिए 1,20,000 रुपये का लक्ष्य रख है। वहीं, चांदी की बात करें तो 1,63,000 रुपये पर बेचने की सलाह दी गई है। इसके लिए 1,66,000 रुपये का स्टॉप लॉस और 1,55,000 रुपये का लक्ष्य रखने को कहा गया है।