मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के पुरकाजी-लक्सर हाईवे पर झबरपुर मोड़ के पास सोमवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। दूध के टैंकर ने एक बाइक पर सवार चार युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
रिश्तेदार के घर जा रहे थे सभी
थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर के सुभाषनगर निवासी सचिन पुत्र सुखबीर सिंह, कुटबा, शाहपुर, शाहपुर के गांव गोयला निवासी नीटू पुत्र शिखानंद, देवबंद के गांव शाखन निवासी सोनू पुत्र बल सिंह और सौरभ पुत्र मांगेराम, शाखन, देवबंद एक बाइक पर सवार होकर पुरकाजी से शेरपुर अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे।
टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर
जब ये युवक पुरकाजी-लक्सर हाईवे पर झबरपुर मोड़ के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सचिन की मौके पर ही मौत
हादसे में सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। नीटू, सौरभ और सोनू को गंभीर हालत में एम्बुलेंस की मदद से पुरकाजी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने मृतक सचिन के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सचिन स्वास्थ्य विभाग में संविदा कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। पुलिस ने यह भी बताया कि बाइक सवार चारों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। जिससे यह सचिन की मौके पर ही मौत हो गई।