मुजफ्फरनगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खतौली में रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 44 वर्षीय अनिल कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्हें खतौली थाना क्षेत्र की चौकी मंडी के पास सरदार पेट्रोल पंप के सामने एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी।

अनिल कुमार पुत्र सूरजा, आवास विकास कॉलोनी खतौली के निवासी थे। वह नवीन मंडी से पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और घायल अनिल को तुरंत सीएचसी खतौली ले गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया था।

इलाज के दौरान अनिल कुमार ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां मातम छा गया। स्थानीय युवक नीरज ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

मंडी चौकी इंचार्ज विनय कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वाहन की तलाश जारी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।