हवा में अचानक हुआ बेकाबू, सीधा जमीन पर आकर नेस्तनाबूद हो गया तेजस

Tejas Crash Photos: दुबई में 17 नवंबर से चल रहे एयर शो के आखिरी दिन आज यानी शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. शो के दौरान आसमान में करतब दिखाते हुए भारतीय वायुसेना का फाइटर जेट तेज क्रैश हो गया. जिससे वहां पर अफरा-तफरी मच गई.

दुबई एयर शो में तेज हुआ क्रैश
दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान LCA तेजस शुक्रवार को प्रदर्शन उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. रक्षा सूत्रों के अनुसार, घटना में पायलट बुरी तरह घायल हो गया. जिसकी बाद में मौत हो गई.

हादसा देख सकते में आई भीड़
हादसा उस समय हुआ, जब भारतीय HAL तेजस दोपहर करीब 2:10 बजे दुबई वर्ल्ड सेंट्रल स्थित अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर अपनी डेमो फ्लाइट कर रहा था. एयर शो में मौजूद बड़ी संख्या में दर्शक इस उड़ान का प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन कर रहे थे.

जमीन पर गिरते ही हुआ जोरदार धमाका
एयर शो के दौरान तेज गति से उड़ रहे विमान ने अचानक नियंत्रण खो दिया और रनवे के पास क्रैश हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही विमान नीचे गिरा, जोरदार धमाके के बाद घना काला धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई.

एयरपोर्ट पर बजने लगे सायरन
दुर्घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर सायरन बजने लगे और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल मौके पर पहुंचे. राहतकर्मियों ने क्षेत्र को घेर लिया और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए. अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि पायलट ने समय रहते इजेक्ट किया या नहीं. किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी पुष्टि नहीं हुई है.

बढ़ाई गई आयोजन स्थल की सुरक्षा
यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब दुबई एयर शो में बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल, एविएशन विशेषज्ञ और सैन्य अधिकारी मौजूद थे. हादसे के बाद आयोजन स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उड़ान गतिविधियों को अस्थायी रूप से सीमित किया गया है.

सैन्य विमानों के सुरक्षा मानकों पर सवाल
तेजस की दुर्घटना ने न केवल एयर शो के कार्यक्रम में व्यवधान डाला है, बल्कि इस घटना ने प्रदर्शनी में लगे अन्य सैन्य विमानों और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. आयोजकों ने कहा है कि सभी प्रक्रियाओं की समीक्षा की जा रही है.

दुबई के बड़े एविएशन आयोजनों में से एक
दुबई एयर शो दुनिया के सबसे बड़े एविएशन आयोजनों में से एक है, जहां इस बार एमिरेट्स और ‘फ्लाई दुबई’ जैसी एयरलाइंस ने बड़े पैमाने पर विमान ऑर्डर की घोषणा की है. ऐसे में तेजस की दुर्घटना ने अंतरराष्ट्रीय एविएशन इंडस्ट्री का ध्यान भारत के इस स्वदेशी लड़ाकू विमान के क्रैश होने के कारणों की ओर केंद्रित कर दिया है.