जयपुर। राजस्थान सरकार के गृह (ग्रुप-1) विभाग ने शुक्रवार देर रात राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के स्तर पर बड़ा प्रशासनिक reshuffle करते हुए 26 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (DYSP) के तबादले कर दिए। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारियों को उनके नए पदस्थापन पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालना होगा। इस फेरबदल में जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, झालावाड़, अजमेर, करौली, दौसा, अलवर और डूंगरपुर सहित कई जिलों और पुलिस रेंजों में जिम्मेदारियों का व्यापक पुनर्वितरण किया गया है।
नए आदेशों में जहां कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिलों में भेजा गया, वहीं कई को महिला अपराध अनुसंधान सैल, लीव रिजर्व, सतर्कता इकाइयों, डिस्कॉम और प्रोटोकॉल जैसी विशेष शाखाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। माना जा रहा है कि पुलिस प्रशासन में बेहतर कार्यप्रणाली और प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह बड़ा बदलाव किया गया है। नए आदेश के अनुसार, विनोद कुमार सीपा को पुलिस आयुक्तालय जयपुर में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (इन्वेस्टिगेशन) पद से हटाकर दौसा जिले के लालसोट में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। चक्रवर्ती सिंह राठौड़ को एसीबी जोधपुर से बीकानेर शहर में एएसपी बनाया गया है। इसी तरह शोराज मल मीणा को झालावाड़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महिला अपराध अनुसंधान सैल का नया कार्यभार दिया गया है। करौली से राजेश कुमार शर्मा को जयपुर पुलिस आयुक्तालय में महिला अपराध अनुसंधान सैल (पूर्व) का डीसीपी नियुक्त किया गया है। जयपुर में प्रोटोकॉल शाखा की जिम्मेदारी संभाल रहे रणवीर सिंह मीणा को अब शाहपुरा (जयपुर ग्रामीण) का एएसपी बनाया गया है। बीकानेर शहर में तैनात सौरभ तिवाड़ी को बीकानेर रेंज में लीव रिजर्व की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, दिनेश कुमार अग्रवाल को भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड, जयपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) पद सौंपा गया है। डिस्कॉम जोधपुर में सेवाएँ दे रहे नरेन्द्र चौधरी को अब जोधपुर आयुक्तालय में डीसीपी, अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का चार्ज दिया गया है। सीआईडी से प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए राजेश कुमार मील को केकड़ी (अजमेर) में एएसपी पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं जया सिंह को सीआईडी SSB जयपुर से खैरथल-तिजारा जिले में एएसपी बनाया गया है। जयपुर SSB से दुर्गाराम चौधरी को ट्रांसफर कर जोधपुर में डीसीपी ट्रैफिक बनाया गया है। नीमराणा से शालिनी राज को हटाकर पुलिस मुख्यालय जयपुर में लीव रिजर्व (कानून एवं व्यवस्था) की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा सुरेश कुमार खींची, संजय कुमार शर्मा, मुकेश कुमार सांखला, अब्दुल आहद खान, संजीव कुमार, जिनेन्द्र कुमार जैन, देवेन्द्र शर्मा, प्रभुलाल धानियां, भंवरलाल, कैलाश सिंह सान्दू, गोपाल सिंह भाटी, स्वाति शर्मा, ज्ञानचंद और राजवीर सिंह चम्पावत समेत कई अधिकारियों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। गृह विभाग ने अपने 15 नवंबर 2025 को जारी कुछ तबादला आदेशों को निरस्त कर दिया है। जिन 5 अधिकारियों के ट्रांसफर रद्द हुए हैं, वे अपने पूर्व पदों पर ही कार्य करते रहेंगे। संदीप सारस्वत का एसीबी से जयपुर पुलिस आयुक्तालय (संगठित अपराध) में किया गया तबादला रद्द कर दिया गया है। इसी प्रकार, कीर्ति सिंह का लीव रिजर्व से विभागीय जांच प्रकोष्ठ में किया गया तबादला भी वापस ले लिया गया है। सिरोही से बाड़मेर की महिला अपराध अनुसंधान सैल में स्थानांतरण हुए किशोर सिंह का आदेश भी निरस्त किया गया है। विजय कुमार सांखला का अपराध एवं सतर्कता (अजमेर रेंज) से केकड़ी भेजा गया तबादला भी वापस हो गया है। वहीं डॉ. लालचंद कायल का लीव रिजर्व (विजिलेंस), जयपुर से खैरथल-तिजारा भेजा गया आदेश भी रद्द कर दिया गया है।