चंडीगढ़/फरीदकोट। पंजाब के फरीदकोट में पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पहले उसने अकेले ही पति को जहर दे दिया। मगर, पति की मौत नहीं हुई। फिर उसने प्रेमी को बुला लिया। दोनों छत पर जाकर बात कर रहे थे कि पति पहुंच गया।
दोनों ने फिर पति की पिटाई की। फिर जबरन उसके मुंह में जहर डालकर हत्या कर दी। इसके बाद शोर मचा दिया कि लुटेरों ने पति की हत्या कर दी। इसके लिए घर का सारा सामान भी बिखेर दिया।
मगर, पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पत्नी की एक के बाद एक 6 गलतियां पकड़ में आ गईं। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बॉयफ्रेंड ने भी सरेंडर कर दिया। उनके तीसरे साथी को भी पुलिस ने अरेस्ट कर लिया।
हत्या की रात की कहानी, जो पत्नी ने पुलिस को बताई…
28 नवंबर की रात को घर में लुटेरे घुसने का शोर मचाया : पुलिस के मुताबिक, आरोपी रुपिंदर कौर ने पूछताछ में बताया कि 28 नवंबर की रात में 11:30 बजे उसने शोर मचाकर आस पास के लोगों को बुलाया। उसने बताया कि उसके पति का शव छत पर पड़ा हुआ है, उनके घर पर लुटेरे घुसे थे, जिन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद उसके पति की हत्या कर दी है।
आसपास के लोग इकट्ठे हुए, पुलिस बुलाई गई : रुपिंदर के शोर सुनकर आस पास के लोग उसके घर पर इकट्ठे हो गए। छत पर गुरविंदर की लाश पड़ी थी। लाश देख लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। उस वक्त 12 बजकर 10 मिनट का समय था। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को भी रुपिंदर ने वहीं लूट के बाद हत्या की बात बताई।
पुलिस ने इन पहलुओं पर जांच कर सुलझाई गुत्थी…
घर के हालात देख पुलिस को शक हुआ: सूचना मिलते ही सबसे पहले थाना सिटी से ड्यूटी अफसर एएसआई मौके पर पहुंचे। उनकी तरफ से दी गई प्राथमिक जानकारी के बाद थाना सिटी प्रभारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। मामला संगीन था तो एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर के हालात देखने के बाद ही पुलिस को शक हो गया था।
सर्दी में गुरविंदर के शरीर पर कम कपड़ों ने भी बढ़ाया शक: पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछा कि क्या उन्होंने किसी को भागते हुए देखा या शोर शराबा सुना तो सबने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस का शक गहराया। यही नहीं, गुरविंदर सिंह का शव छत पर कम कपड़ों में था। पुलिस ने अंदाजा लगाया कि सर्दी में उसने कम कपड़े क्यों पहने होंगे।
घर में अंदर से ताला लगा था, लुटेरे कहां से आए : इसके अलावा पुलिस ने जब घर को भौगोलिक स्थिति देखी तो पता चला कि अंदर से ताला लगा था। घर में एक पालतू कुत्ता था, जो बेहोश था। इसके अलावा दीवार फांदकर अंदर आने और बाहर जाने के निशान भी नहीं मिले। इससे शक रुपिंदर पर बढ़ गया।
रुपिंदर ने बयान बदले तो शक यकीन में बदल गया: इसी बीच पुलिस ने रुपिंदर कौर से जानकारी लेने के बहाने औपचारिक पूछताछ शुरू की। सवाल पूछे गए कि कितने लोग थे, कैसे थे, किस वाहन पर आए थे वगैरह-वगैरह। तीन से चार बार पूछने पर वह जब उसने अलग-अलग जवाब दिए तो पुलिस को शक यकीन में बदल गया।
सीसीटीवी में भी कोई भागता या आता नजर नहीं आया : इसके बाद पुलिस ने शक को पूरी तरह यकीन में बदलने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। मगर, इसमें भी कुछ संदिग्ध नहीं लगा। ना ही कोई लूट करने आता दिखा और ना ही जाता। रुपिंदर की लुटेरे वाली कहानी इससे झूठी साबित हो गई।
रिश्तेदार के आने पर टूट गई रूपिंदर, उगला हत्या का राज: सुबह सुबह होते होते जब गुरविंदर सिंह के नजदीकी रिश्तेदार घर पहुंचने लगे तो पुलिस ने पूरा मामला सुलझा दिया। रिश्तेदारों को कान्फिडेंस में लेने के बाद पुलिस ने रुपिंदर कौर से सख्ती से पूछताछ की तो पूरा मामला सुलझ गया।
अब जानिए कैसे की प्लानिंग और हत्या की रात क्या हुआ …
2023 में गुरविंदर और रुपिंदर की शादी हुई: पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रुपिंदर ने पूछताछ में बताया कि उसकी गुरविंदर सिंह से शादी 2023 में हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ कनाडा गई थे। मगर, 2024 में ही उसे कनाडा से डिपोर्ट कर दिया गया। जब कनाडा से डिपोर्ट हो रही थी उसी दौरान बल्लूआणा निवासी हरकंवलप्रीत सिंह से उसकी पहली मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
गुरविंदर को पहले से था अपनी हत्या का शक: मृतक गुरुविंदर की बहन ने बताया कि गुरविंदर को दोनों (रुपिंदर और हरकंवलप्रीत) के संबंधों की जानकारी थी। वह परिवार को कई बार बता चुका था कि दोनों उसके लिए खतरा बन सकते हैं और उसकी हत्या भी करवा सकते हैं। पुलिस पूछताछ में भी रुपिंदर ने इस बात को कबूल किया कि वह कई माह से गुरविंदर की हत्या की साजिश रच रही थी।
रुपिंदर ने गुरविंदर को जहर दिया, उसने काम नहीं किया: पुलिस के मुताबिक, रुपिंदर कौर ने पति गुरविंदर सिंह को मारने के लिए उसे जहर दिया था। काफी देर तक गुरविंदर इधर-उधर टहलता रहा, लेकिन मरा नहीं। यह देख परेशान हो गई। उसने तुरंत अपने बॉयफ्रेंड हरकंवलप्रीत को मामले की जानकारी दी। इसके बाद प्लान बी पर काम शुरू किया।
कुत्ते को नशा देकर सुलाया, ताकि वह भौंके ना : बॉयफ्रेंड अपने एक दोस्त के साथ कार से आया था। कार से उतरकर अकेले ही रुपिंदर के घर आया था। उसे अंदर जाते गांव के ही एक युवक ने देखा था, जिनसे बाद में पुलिस को इसकी जानकारी दी। बॉयफ्रेंड को देखकर घर का पालतू कुत्ता भौंके ना, इसलिए रुपिंदर ने उसे नशा देकर बेहोश कर दिया था।
पहले गुरविंदर से मारपीट की, दोबारा जहर देकर मारा: पुलिस के मुताबिक, रुपिंदर ने आगे बताया कि जहर का इतना असर जरूर हुआ था कि गुरविंदर अपने कमरे में जाकर लेट गया था। जब हरकवंलप्रीत अंदर आ गया तो रुपिंदर उसे लेकर छत पर चली गई और पूरी बात बताई। इसी दौरान नीचे सो रहे गुरविंदर की आंख खुल गई और वह छत पर आ गया। दोनों उसे देख भौचक्के रह गए। इससे पहले की गुरविंदर शोर मचाता, दोनों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की। फिर उसे दोबारा जहर दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या की वारदात को लूट में बदलने की साजिश रची : गुरविंदर की मौत हो चुकी थी। यह देख दोनों परेशान हो गए कि अब बॉडी को कैसे ठिकाने लगाया जाए। दोनों ने पहले ही प्लान बना रखा था कि वारदात को लूट का रंग देंगे। इसीलिए घर का सामान बिखेर दिया। बेड से लेकर अलमारियों से सामान बाहर बिखेर दिया, ताकि लूट लगे। इसके बाद हरकंवलप्रीत वहां से चला गया और फिर रुपिंदर ने घर के बाहर कर आकर लूट का शोर मचाया।
एसएसपी प्रज्ञा जैन बोलीं- टेक्निकल ढंग से सुलझाया केस एसएसपी फरीदकोट डॉक्टर प्रज्ञा जैन कहती हैं कि पुलिस ने बेहद टेक्निकल और पुलिस अफसरों के एक्सपीरियंस से इस मामले को कुछ ही समय में सुलझाया है। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की है। उनकी तरफ से काफी चीजें मान ली गई हैं। हम पोस्टमॉर्टम की डिटेल्ड रिपोर्ट और केमिकल एग्जामिनेशन रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। वैसे बहुत से सबूत हमारे पास, जो इन्हें अदालत में दोषी करार देने के मिले हैं। इन पर जांच की जा रही है।