मुजफ्फरनगर में दिखे दो अजगर: किसानों में दहशत

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के मोरना ब्लॉक स्थित शुक्रतारी गांव के जंगल में दो विशालकाय अजगर देखे गए हैं। इन अजगरों के दिखने से किसानों में दहशत का माहौल है। ये अजगर पिछले लगभग एक सप्ताह से भोकरहेड़ी मार्ग किनारे स्थित जंगल में अपना डेरा डाले हुए हैं।

भोकरहेड़ी के मोहल्ला काजियान निवासी किसान मुबशशिर हुसैन और मौ. शफी ने बताया कि उनके खेत शुक्रतारी के जंगल में हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से उनके खेतों पर दो अजगर दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक काफी बड़ा है और दूसरा उससे कुछ छोटा है।

ये दोनों अजगर प्रतिदिन धूप सेंकने के लिए बाहर आ जाते हैं, जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। किसानों के अनुसार, ये अजगर उनके खेतों या पास के कब्रिस्तान में डेरा डाले हुए हैं। उनकी मौजूदगी से खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों में लगातार डर बना हुआ है।

किसान मुबशशिर हुसैन, मौ. शफी, मंसूर अख्तर, मौ. आमिर, नदीम, कसीम, अज़ीम और फरीद सहित अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग से इन अजगरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।

गौरतलब है कि शुक्रतारी गांव हस्तिनापुर सुरक्षित वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र के अंतर्गत आता है।