पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने के मामले में NDA ने आज गुरुवार को बिहार बंद किया। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक NDA के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और दुकानें बंद कराई। चौक-चौराहों को जाम किया। इस दौरान समस्तीपुर, बेगूसराय, छपरा, हाजीपुर, दरभंगा में समेत 12 जिलों में 2 से 3 घंटे नेशनल हाईवे जाम किया गया। गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई।
बंद को लेकर कांग्रेस और राजद ऑफिस की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। साथ ही पटना में 2 हजार से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए। 27 अगस्त को दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल-तेजस्वी के मंच से PM नरेंद्र मोदी को मां की गाली दी गई थी। इसके बाद से ही बीजेपी लगातार प्रदर्शन कर रही है।
जहानाबाद में स्कूल जा रही महिला टीचर को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जबरन वापस घर भेजा। उनके साथ धक्का-मुक्की की गई।
भागलपुर में बाइक से जा रहे पति-पत्नी के साथ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बदसलूकी की।
पटना के सगुना मोड़ पर आगजनी की गई। जज और शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव की गाड़ियों को रोका गया। बिहटा में बीजेपी नेताओं ने सड़क जाम किया। डाकबंगला चौराहे को कार्यकर्ताओं ने करीब 2 घंटे ब्लॉक कर दिया।
जहानाबाद में बंद को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता रोड रोलर लेकर पहुंच गए थे। यहां महिला टीचर को स्कूल जाने से रोका गया और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें हाथ पकड़ वापस घर भेज दिया। वहीं एक युवक के साथ मारपीट की गई।
भागलपुर में बंद के दौरान बाइक से जा रहे पति-पत्नी की बंद समर्थकों के साथ बहस हुई। इस दौरान दंपती के साथ बदसलूकी की गई।
दरभंगा में पार्टी की महिला मोर्चा ने कमान संभाली। चौक-चौराहों पर प्रदर्शन हुआ, सड़कें जाम रहीं। इस जाम में फंसी पुलिस, एंबुलेंस और एयरफोर्स की गाड़ी को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जाने दिया।
बेगूसराय में बंद को सफल बनाने के लिए मंत्री सुरेंद्र मेहता खुद सड़क पर उतर गए। सड़क और दुकानें बंद करवाई गईं।
मुंगेर में भी बीजेपी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और शांतिपूर्ण तरीके से बंद कराया। हालांकि, कुछ जगहों पर दुकानें बंद नही हुई।
मुजफ्फरपुर में बिहार बंद के दौरान मुजफ्फरपुर-दरभंगा NH 27 जाम करने को लेकर RAF के जवान और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई। बाद में बातचीत से मामला सुलझाया गया।